Site icon Tag Newslist

Arvind Kejriwal On Swati Maliwal: स्वाति के सवाल पर काट ली कन्नी

Arvind Kejriwal On Swati Maliwal: दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल, स्वाति मालीवाल के सवाल पर कन्नी काटते नजर आये। वहीं, उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव का कहना था, कि स्वाति मालीवाल से ज्यादा जरूरी और चीजें हैं। दूसरी ओर, सांसद संजय सिंह कहते नजर आये, कि यह पार्टी का अंदरूनी मामला है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गुरुवार को, लखनऊ में समाजवादी पार्टी मुख्यालय में यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव संग, इंडी अलायंस की प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करने पहुंचे। उनके साथ, आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह भी थे।

प्रेस कांफ्रेंस के दौरान, केजरीवाल और यादव ने, केंद्र सरकार पर कई आरोप लगाये। दावा किया, कि भाजपा का 400 पार का सपना पूरा नहीं होगा। वहीं, मीडिया के सवाल लेने के दौरान, जब केजरीवाल से स्वाति मालीवाल के साथ हुयी घटना पर, पूछा गया, तो उन्होंने हमेशा की तरह चुप्पी साध ली।

दूसरी ओर, अखिलेश यादव कह गये, कि स्वाति मालीवाल से ज्यादा जरूरी और चीजें हैं। वहीं, प्रेस कांफ्रेंस में केजरीवाल के साथ मौजूद, राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सवाल का सीधा जवाब देने के बजाय, दूसरे मामलों पर बात की। बाद में वह बोले, कि इस मामले पर राजनीति करना गलत है।

स्वाति का नाम सुनते ही माइक यादव की ओर बढ़ाया

प्रेस कांफ्रेंस में जैसे ही मीडियाकर्मियों ने, स्वाति मालीवाल का सवाल पूछा, अरविंद केजरीवाल ने अपने सामने रखा माइक, बगल में बैठे अखिलेश यादव की ओर बढ़ा दिया। बार-बार पूछने पर भी वह कुछ नहीं बोले। बाद में, उन्होंने संजय सिंह की ओर इशारा किया, कि इस मसले पर वह बोलेंगे।

विभव कुमार के सवाल पर नहीं मिला कोई जवाब

स्वाति मालीवाल से मारपीट करने का आरोप, केजरीवाल के निजी सचिव कहे जा रहे, विभव कुमार पर लगा है। खुद, संजय सिंह ने एक दिन पहले, विभव कुमार का नाम लिया था। इसके बाद, उसी रात संजय सिंह और केजरीवाल, उसी विभव कुमार के साथ, लखनऊ पहुंच गये।

इसकी तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान, मीडियाकर्मियों ने विभव कुमार के केजरीवाल और संजय सिंह के साथ होने पर भी सवाल उठाया। लेकिन, केजरीवाल तो चुप्पी साधे रहे, लेकिन संजय सिंह भी इसका जवाब देने के बजाय, कुर्सी से उठकर चले गये।

‘केजरीवाल का शीशमहल बन चुका है शोषण महल’

भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला का कहना है, कि दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल का शीशमहल, शोषण महल बन चुका है। केजरीवाल स्वाति से मारपीट के आरोपी विभव कुमार को न सिर्फ संरक्षण दे रहे हैं, बल्कि उसे साथ लेकर घूम रहे हैं। और सवाल पूछा जाता है, तो केजरीवाल उसका भी जवाब नहीं देते।

पूनावाला ने पूछा है, कि आम आदमी पार्टी ने दावा किया था कि विभव कुमार पर कार्रवाई की जायेगी, लेकिन 72 घंटे बाद भी वह खुलकर घूम रहा है। इससे यह आरोप सही लगता है कि स्वाति पर हमला, केजरीवाल के इशारे पर ही किया गया है।

‘महिलाओं के सम्मान पर केजरीवाल-आप का चरित्र खोखला’

दिल्ली भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष, वीरेंद्र सचदेवा का कहना है, कि संजय सिंह ने खुद विभव का नाम लिया था, लेकिन उसी रात केजरीवाल और संजय के साथ, विभव नजर आता है। यह साबित करता है, कि महिलाओं के सम्मान की जब भी बात आती है, केजरीवाल और आम आदमी पार्टी का चरित्र खोखला नजर आता है।

सचदेवा ने कहा कि, कुछ समय पहले, संतोष कोहली की दुःखद मृत्यु, आज भी संदेह के घेरे में है। उन्होंने सवाल उठाया, कि आखिर क्या वजह है, कि आम आदमी पार्टी में, जो भी महिला उच्च पद पर पहुंचती है, वह सुरक्षित नहीं रह पाती है।

अरविंद केजरीवाल और संजय सिंह के साथ लखनऊ पहुंचा विभव कुमार

Exit mobile version