Site icon Tag Newslist

Delhi Politics: कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली भाजपा में शामिल

Delhi Politics: दिल्ली कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली भाजपा में शामिल हो गये हैं। उन्होंने करीब एक सप्ताह पहले ही, कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। लवली के साथ कांग्रेस के तीन पूर्व विधायक व पूर्व मंत्री राजकुमार चौहान, पूर्व विधायक नसीब सिंह व नीरज बसोया और दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष अमित मलिक ने भी भाजपा की सदस्यता ली।

शनिवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े की मौजूदगी में कांग्रेस के पूर्व नेताओं को भाजपा की सदस्यता दिलायी गयी। दोनों नेताओं ने नवागंतुक नेताओं को पार्टी के सदस्यता पत्र सौंपकर और बुके देकर पार्टी में उनका स्वागत किया।

दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर लवली का इस्तीफा

भाजपा महासचिव विनोद तावड़े ने कहा कि कांग्रेस की नीतियों से त्रस्त होकर, लवली और अन्य नेताओं ने भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया। उन्होंने राहुल गांधी का जिक्र करते हुये कहा कि, राहुल ने रायबरेली से पर्चा भरा है। लेकिन, कांग्रेस ने जिस तरह उनका नामांकन करवाया है, उससे यही लगता है कि कांग्रेस का नारा- बेटा बचाओ, बेटा ही बढ़ाओ रह गया है।

दिल्ली कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि वह पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के आभारी है, कि उन्हें और उनके साथियों को ऐसे समय पर भाजपा के मंच पर आने और मिलकर कार्य करने का अवसर दिया, जब वे सभी लोग खोया हुआ महसूस कर रहे थे।

लवली ने कहा कि इस बात में किसी को कोई संदेह नहीं है कि केंद्र में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बन रही है, लेकिन वह और उनके साथी पूरा जोर लगायेंगे, कि भाजपा अगले चुनाव में दिल्ली में भी सरकार बनाये।

केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने सभी नेताओं का पार्टी में स्वागत करते हुये कहा कि भाजपा में आपको पूरा सम्मान मिलेगा। कहा कि ऐसा नहीं होगा कि सदस्यता देकर, आपको घर में बिठाये रखा जाये, बल्कि सक्रिय रूप से पार्टी की जिम्मेदारियों में सहभागी बनाया जायेगा। इससे कांग्रेस से आये नेताओं को भाजपा और दूसरे दलों की कार्यशैली का अंतर साफ नजर आयेगा।

लवली और चौहान से रहा है मेरा लंबा नाता

केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने कहा कि राजनीति के क्षेत्र में अरविंदर सिंह लवली, राजकुमार चौहान, नीरज बसोया, नसीब सिंह और अमित मलिक का लंबा अनुभव रहा है। इन सभी नेताओं ने दिल्ली में लंबे समय तक जमीनी काम किया है। पुरी ने कहा कि दिल्ली में विकास कार्यों को लेकर उनका लवली और चौहान से लंबा नाता रहा है।

लवली ने इन वजहों से दिया त्यागपत्र

शराब घोटाला करने वालों का खुलासा करेंगे

दिल्ली सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री राजकुमार चौहान ने कहा कि दिल्ली में विकास के तमाम झूठे दावे और वादे किये गये हैं, जबकि हकीकत यह है कि दिल्ली को कई बरस पीछे धकेल दिया गया है। उन्होंने कहा कि वह और उनके साथी नेता जल्द ही, खुलासा करेंगे कि दिल्ली में शराब घोटाला करने वाले, कैसे जनता को गुमराह कर रहे हैं। चौहान ने कहा कि भाजपा को दिल्ली में मजबूत करने के लिये वह साथ आये हैं।

यह है कांग्रेस से आये नेताओं का राजनीतिक रिकॉर्ड

अरविंदर सिंह लवली दिल्ली में चार बार विधायक चुने गये थे, दस साल तक कैबिनेट मंत्री रहने के अलावा, उन्हें दो बार दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भी बनाया गया था। राजकुमार चौहान चार बार के विधायक और 13 साल तक कैबिनेट मंत्री रहे। नसीब सिंह तीन बार के विधायक, कांग्रेस अखिल भारतीय कमेटी के सचिव रह चुके हैं। नीरज बसोया पूर्व पार्षद, पूर्व विधायक और एनएसयूआई के पूर्व अध्यक्ष रहे हैं। अमित मलिक डूसू के अलावा एनएसयूआई और युवक कांग्रेस में भी दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

शराब घोटाले के खुलासे पर नसीब-नीरज से मिला समर्थन

भारतीय जनता पार्टी दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने अरविंदर सिंह लवली समेत पांचों नेताओं का भाजपा परिवार में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति दिल्ली को प्यार करता है, वह दिल्ली को लूटने वालों के साथ खड़ा नहीं हो सकता। सचदेवा ने कहा कि जिस दिन शराब घोटाले की परतें खुलकर सामने आयी थीं, नीरज बसोया और नसीब सिंह ने ट्वीट कर इसका स्वागत किया था।

आज हम पांच, लेकिन हमारे साथ लंबा काफिला

अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि आज भले ही पांच वरिष्ठ नेता भाजपा में शामिल हुये हैं, लेकिन दिल्ली में उन सबके साथ ऐसे लोगों का लंबा काफिला है, जो चाहते हैं कि दिल्ली की तस्वीर बदले। यह काफिला बहुत मजबूती से चाहता है कि देश में सशक्त सरकार बने और पिछले कुछ सालों में दिल्ली के साथ जो कुछ हुआ है, उसमें बदलाव लायें।

कांग्रेस ने देवेंद्र यादव को सौंपी जिम्मेदारी

दिल्ली कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के इस्तीफे के बाद से यह पद खाली चल रहा है। कांग्रेस नेतृत्व ने अब देवेंद्र यादव को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस का अंतरिम अध्यक्ष मनोनीत कर दिया है। दिल्ली कांग्रेस के एक्स एकाउंट पर किये गये ट्वीट में यह जानकारी दी गयी है। इसमें बताया गया है कि अंतरिम अध्यक्ष देवेंद्र यादव पांच मई, यानी रविवार को पदग्रहण करेंगे।

मसूरी में कार हादसे ने ली पांच की जान

आगरा के स्कूल में क्यों भिड़ गयीं दो टीचर्स

Exit mobile version