Site icon Tag Newslist

Rajnath Singh: लखनऊ से रक्षा मंत्री के नामांकन में जुटे योगी-धामी

Rajnath Singh: केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिये उत्तर प्रदेश की लखनऊ संसदीय सीट से नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। सिंह के नामांकन में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी बतौर प्रस्तावक शामिल हुये। यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी इस दौरान मौजूद रहे।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को भाजपा ने तीसरी बार लखनऊ सीट से प्रत्याशी बनाया है। सोमवार को राजनाथ सिंह के नामांकन के लिये उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लखनऊ पहुंचे। भाजपा कार्यालय में सीएम योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केपी मौर्य, ब्रजेश पाठक ने धामी का स्वागत किया।

इंदौर से कांग्रेस प्रत्याशी भाजपा में पहुंचे

बाद में, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के बाद राजनाथ सिंह, दोनों मुख्यमंत्रियों योगी आदित्यनाथ और पुष्कर सिंह धामी, उपमुख्यमंत्रियों ब्रजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्य और अन्य भाजपा नेताओं को साथ लेकर नामांकन पत्र दाखिल कराने के लिये निकले।

लखनऊ की सड़कों पर रोड शो निकालते हुये राजनाथ सिंह और अन्य नेता नामांकन करवाने के लिये पहुंचे। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, नेता, पदाधिकारी रोड शो में शामिल हुये। बाद में निर्वाचन कार्यालय में राजनाथ सिंह ने दोनों मुख्यमंत्रियों योगी आदित्यनाथ और पुष्कर सिंह धामी को साथ लेकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

धामी बोले- यूपी ने दुनिया में कायम की है नयी पहचान

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री रहते उत्तर प्रदेश ने देश-दुनिया में नयी पहचान कायम की है। यूपी की कानून व्यवस्था आज देशभर के लिये मॉडल बन चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जनता के लिये कई लाभकारी योजनाएं आरंभ की हैं। उन्होंने लखनऊ में अपनी पढ़ाई के दौर को भी याद किया।

उन्होंने कहा कि पहले जो लखनऊ उन्होंने देखा था, वह आज बहुत अधिक विकसित होकर बदल चुका है। उत्तर प्रदेश की गिनती बीमारू राज्य के तौर पर होती थी। आज यूपी देश के उत्तम प्रदेश की पहचान बना चुका है। कहा कि पिछली सरकारों में यूपी में वसूली गैंग सक्रिय रहा करते थे, लेकिन आज अपराधों पर लगाम कसी है।

पांचवें चरण में 20 मई को होना है मतदान

लखनऊ संसदीय क्षेत्र समेत 49 लोकसभा सीटों पर पांचवें चरण में मतदान होना है। मतदान की तारीख 20 मई तय की गयी है। यहां नोटिफिकेशन 26 अप्रैल को जारी हुआ था। सोमवार से नामांकन आरंभ हुये हैं, जो दो मई को चलेंगे। चार मई को नामांकन पत्रों की जांच होनी है। छह मई तक नामांकन वापस लिया जा सकता है।

पेट्रोल लेकर कॉलेज की छत पर कहां चढ़े छात्रनेता

1991 में लखनऊ में अटल ने खिलाया कमल, बना भाजपा का गढ़

1991 के लोकसभा चुनाव में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने भारतीय जनता पार्टी को पहली बार लखनऊ में जीत दिलायी थी। इससे पहले यहां अधिकतर चुनावों में कांग्रेस ही जीतती रही थी। 1977 में जनता पार्टी के टिकट पर यूपी के पूर्व सीएम हेमवती नंदन बहुगुणा ने लखनऊ से जीत दर्ज की थी।

लेकिन, 1991 में अटल बिहारी वाजपेयी की जीत के बाद से पिछले आठ लोकसभा चुनावों में लखनऊ सीट भाजपा का गढ़ बन गयी है। 1991 से 2004 तक वाजपेयी यहां से सांसद चुने जाते रहे। 2009 में लालजी टंडन ने यहां से जीत दर्ज की। इसके बाद 2014 से अब तक राजनाथ सिंह लखनऊ का प्रतिनिधित्व लोकसभा में कर रहे हैं।

जौनपुर से केएस सिंह, मछलीशहर से बीपी सरोज का नामांकन

उत्तर प्रदेश में ही भाजपा के प्रत्याशियों, जौनपुर से कृपाशंकर सिंह और मछलीशहर से बीपी सरोज ने भी सोमवार को अपने नामांकन पत्र दाखिल किये। दोनों प्रत्याशियों के समर्थन में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनसभाएं कीं। कहा कि केंद्र सरकार के साथ सात साल में यूपी सरकार ने राज्य और देश की बेहतरीन छवि कायम की है।

दिल्ली में कांग्रेस को क्यों लगा झटका

दिल्ली में योगेंद्र चंदोलिया ने भरा पर्चा

दिल्ली की उत्तर पश्चिमी दिल्ली संसदीय सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार योगेंद्र चंदोलिया ने भी सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। दिल्ली में सोमवार को नामांकन प्रक्रिया का पहला दिन था। नामांकन से पहले चंदोलिया ने क्षेत्र में रोड शो निकाला, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता-पदाधिकारी शामिल हुये।

Exit mobile version