Site icon Tag Newslist

Rudraprayag Heli Rescue: मदमहेश्वर धाम में पुल बहने से फंसे 150 यात्री

Rudraprayag Heli Rescue: रुद्रप्रयाग जिले में स्थित, द्वितीय केदार श्रीमदमहेश्वर धाम में, बृहस्पतिवार रात भारी बारिश के बाद, धाम के पैदल यात्रा मार्ग पर बना पुल बह गया। इससे 150 यात्री, धाम क्षेत्र में फंस गये। जिला प्रशासन की ओर से, शुक्रवार सुबह, हेलीकॉप्टर से यात्रियों को रेस्क्यू करने का काम शुरू किया गया है।

जानकारी के अनुसार, श्रीमदमहेश्वर धाम में बृहस्पतिवार रात भारी बारिश हुयी। इससे, क्षेत्र से बहने वाली मार्कण्डेय नदी का जलस्तर बहुत अधिक बढ़ गया। नदी के तेज बहाव में, पैदल यात्रा मार्ग पर, बनतोली गोंडार में बना अस्थायी पुल बह गया। इससे धाम में दर्शन के लिये गये श्रद्धालु, वहीं फंसे रह गये।

धाम में 150 यात्रियों के फंसे होने की जानकारी मिलते ही, शुक्रवार सुबह जिला प्रशासन ने राहत-बचाव अभियान कार्य शुरू किया। जिलाधिकारी सौरभ गहरवार के निर्देश पर, नानूचट्टी में स्थानीय ग्रामीणों की मदद से, अस्थायी हेलीपैड बनाया गया। धाम में फंसे यात्रियों को, ग्रामीणों के जरिये नानूचट्टी लाया गया।

यहां जिला प्रशासन की ओर से, सभी यात्रियों को फूड पैकेट, पानी दिया गया। इसके बाद हेली रेस्क्यू अभियान शुरू हुआ। दोपहर दो बजे तक, नानूचट्टी से 68 यात्रियों को रांसी पहुंचाया जा चुका है। रांसी हेलीपैड से यात्रियों को, सड़क मार्ग से जिला मुख्यालय लाया जा रहा है। पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ का राहत-बचाव अभियान कार्य अब भी जारी है। सभी यात्री सुरक्षित हैं।

पिछले साल भी पुल बह जाने से फंस गये थे 293 यात्री

श्रीमदमहेश्वर धाम में, पिछले साल भी इसी तरह 293 यात्री फंस गये थे। उस वक्त भी, बनतोली गोंडार में बना पुल बह गया था। भारी बारिश के चलते, राहत-बचाव कार्य करने में पुलिस-प्रशासन को भी खासी मशक्कत करनी पड़ी थी। लगातार तीन दिन तक चलाये गये अभियान के बाद, सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया था।

क्षतिग्रस्त पुल की मरम्मत का काम भी शुरू किया

बनतोली गोंडार में बहे अस्थायी पुल को दोबारा बनाने का काम भी शुरू कर दिया गया है। जिला प्रशासन की ओर से, एक टीम बनतोली गोंडार भेजी गयी है। जानकारी के अनुसार, मौके पर अस्थायी पुल बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। ताकि धाम की ओर आने-जाने वाले यात्रियों और स्थानीय ग्रामीणों को आवाजाही में दिक्कत नहीं हो।

जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किये

रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने, मदमहेश्वर धाम में फंसे यात्रियों की जानकारी देने के लिये, हेल्पलाइन नंबर भी जारी कर दिये हैं। रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबरों- 8958757335 या 01364-233727 पर कॉल कर, यात्रियों के बारे में जानकारी ली जा सकती है।

जानकारी के अनुसार, मदमहेश्वर धाम में फंसे यात्रियों में, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश, दिल्ली और गुजरात के यात्रियों के अलावा, 12 रुद्रप्रयाग जिले के लोग और अन्य उत्तराखंड के दूसरे जिलों से आये श्रद्धालु भी शामिल हैं।

 

Exit mobile version