उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में राज्य की 14 स्त्री शक्तियों को तीलू रौतेली पुरस्कार (Teelu Rauteli Award 2023) से सम्मानित किया गया। इस दौरान उल्लेखनीय कार्य करने वाली 35 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को भी सम्मानित किया गया।

मंगलवार को देहरादून के सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी सभागार में स्त्री शक्ति तीलू रौतेली पुरस्कार 2023 समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जयंती पर वीरांगना तीलू रौतेली को श्रद्धांजलि दी। कहा कि राज्य की स्त्री शक्ति ने समय-समय पर देश-दुनिया में अपने कार्यों से उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है।
महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि राज्य की महिलाओं को अवसर देने के लिये प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को देवभूमि कहा जाता है, अब राज्य की महिलाओं के बेहतरीन कार्यों से यह देवियों की भूमि बनने जा रहा है। इस दौरान राजपुर विधायक खजानदास, विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
आंगनबाड़ी का वेश पहनकर पहुंचीं मंत्री: कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या का अंदाज आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को भा गया। दरअसल मंत्री आर्या कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा पहनी जाने वाली साड़ी पहनकर आयी थीं। उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि कुछ देर के लिये ही सही, उन्हें यह वेश धारण करने का गौरव मिला है।

इन्हें मिला तीलू रौतेली सम्मान: हाल में चीन के चेंगदू में कांस्य पदक विजेता चमोली निवासी मानसी नेगी, स्वीडन में मुक्केबाजी में स्वर्ण पदक विजेता निवेदिता कार्की, बागेश्वर की रहने वाली पैरा खिलाड़ी मोहिनी कोरंगा, अल्मोड़ा निवासी पैरा एथलीट गरिमा जोशी, देहरादून की दिव्यांग पर्वतारोही अमीषा चौहान, हरिद्वार निवासी राज्यस्तरीय ताइक्वांडो खिलाड़ी दिव्या भारद्वाज को यह सम्मान दिया गया।
चम्पावत की कला-योग प्रशिक्षक शाम्भवी, शिक्षक नैनीताल की मंजू पाण्डेय, पौड़ी जिले को स्वरोजगारी नूतन पंत, रुद्रप्रयाग की पर्यावरण जागरूकता कार्यकर्ता प्रीति, ऊधमसिंह नगर की दिव्यांग खिलाड़ी नीलिमा राय, टिहरी की रहने वाली खिलाड़ी हिमानी और साहसिक कार्य में उत्तरकाशी की ममता और नैनीताल की कमला अरोड़ा को यह सम्मान दिया गया।
LIVE: देहरादून में राज्य स्त्री शक्ति "तीलू रौतेली" एवं "आंगनवाड़ी कार्यकत्री" पुरस्कार वितरण समारोह https://t.co/dv4832Wj5G
— Pushkar Singh Dhami (Modi Ka Parivar) (@pushkardhami) August 8, 2023
इस बार बढ़ गयी पुरस्कार राशि: तीलू रौतेली पुरस्कार की पुरस्कार राशि इस बार बढाकर ₹51 हजार कर दी गयी है। गत वर्ष तक यह राशि ₹31 हजार थी। इसी तरह इस बार आंगनबाड़ी पुरस्कार की राशि भी ₹21 हजार से बढ़ाकर ₹51 हजार की गयी है।