Rudraprayag Accident Update: रुद्रप्रयाग हादसे में, मरने वालों की संख्या 13 होने की जानकारी मिल रही है। बताया जा रहा है, कि इनमें से दस की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी थी, वहीं 02 ने इलाज के दौरान दम तोड़ा है। सात घायलों को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। एम्स में भी एक घायल ने दम तोड़ दिया। छह अन्य का जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग में इलाज चल रहा है।

रुद्रप्रयाग नगर से करीब पांच किलोमीटर आगे रैंतोली के पास, बद्रीनाथ हाईवे पर एक टेंपो ट्रेवलर, शनिवार दोपहर अनियंत्रित होने के बाद, सड़क से करीब दो सौ मीटर नीचे अलकनंदा नदी में जा गिरी थी। हादसे की जानकारी पर, एसपी डॉ. विशाखा अशोक भदाणे के नेतृत्व में पुलिस, एसडीआरएफ, जिला आपदा परिचालन केंद्र, डीडीआरएफ, राजस्व और अन्य विभागों की टीमों ने राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया था।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वाहन में 26 यात्री सवार थे। इनमें से 10 ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि 02 की जान जिला अस्पताल पहुंचाते वक्त चली गयी। एम्स ऋषिकेश में भी एक घायल ने दम तोड़ दिया। जवानों को शवों और घायलों को सड़क तक पहुंचाने में खासी मशक्कत का सामना करना पड़ा।

इस बीच, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घायलों को एयरलिफ्ट करवाने के निर्देश दे दिये थे। इसके बाद रुद्रप्रयाग के गुलाबराय मैदान में जिला प्रशासन की ओर से हेलीकॉप्टर की व्यवस्था कर ली गयी थी। जिला अस्पताल से सात मरीजों को हायर सेंटर रेफर किया गया था। इन्हें हेलीकॉप्टर के जरिये एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार, मरने वालों में छह महिलाएं शामिल हैं। छह घायलों का इलाज जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग में किया जा रहा है। कुछ अन्य घायलों का भी इलाज जारी है, ये वे स्थानीय लोग बताये जा रहे हैं, जो हादसे के वक्त सड़क किनारे खड़े थे और वाहन की चपेट में आ गये। उनकी हालत ठीक बतायी जा रही है।

मृतकों और घायलों की पहचान करने में जुटा है प्रशासन

जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से, अब तक मरने वालों की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गयी है। बताया जा रहा है, कि पुलिस-प्रशासन हादसे में जान गवांने वालों और घायल यात्रियों के नाम-पते की जानकारी जुटा रहा है। देर शाम तक, स्पष्ट जानकारी साझा की जायेगी।

हरियाणा नंबर की है गाड़ी, दिल्ली से एक दिन पहले निकले थे यात्री

अब तक की जांच में मालूम हुआ है कि दुर्घटनाग्रस्त टेंपो हरियाणा नंबर का था। यह भी पता चला है, कि वाहन में सवार सभी लोग दिल्ली से शुक्रवार रात करीब 11 बजे यात्रा के लिये निकले थे। रुद्रप्रयाग पुलिस की ओर से, यात्रियों की जानकारी जुटाने के लिये, दिल्ली पुलिस से भी संपर्क साधा गया है।

जिलाधिकारी घायलों को इलाज देने में जुटे

हादसे की जानकारी मिलते ही, जिलाधिकारी डॉ. सौरभ गहरवार मौके पर पहुंच गये थे। घायलों को नदी से सड़क पर पहुंचाने के बाद, यहां से अस्पताल ले जाने के लिये एंबुलेंस मौके पर बुला ली गयी थीं। इस दौरान एंबुलेंस में, जिलाधिकारी डॉ. गहरवार खुद मोर्चा संभाले नजर आये।

घायलों को नदी से सड़क पर लाने के बाद, एंबुलेंस में रखने के दौरान, जिलाधिकारी खुद उन्हें प्राथमिक उपचार देते रहे। मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिये जाने के बाद, सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा जाता रहा।

चोपता-ऊखीमठ के लिये निकले थे यात्री

जानकारी के अनुसार, शुरूआती जांच में मालूम हुआ है, कि दिल्ली से सभी यात्री चोपता और ऊखीमठ क्षेत्र के लिये निकले थे। हालांकि, यह साफ नहीं हो सका है, कि ये यात्री सिर्फ चोपता क्षेत्र में पर्यटन के लिये आये थे, या उन्हें चारधाम की भी यात्रा करनी थी। पुलिस पूरी जानकारी जुटा रही है।

गाड़ी के परखच्चे उड़े, खाई में बिखरा यात्रियों का सामान

हादसे में टेंपो सड़क से करीब दो सौ मीटर नीचे अलकनंदा नदी में गिरा। इस दौरान खाई में लुढ़कने के बाद, वाहन नदी में छत के बल गिरा। इससे गाड़ी बुरी तरह पिचक गयी है। वहीं, टेंपो की छत पर बंधा यात्रियों का पूरा सामान भी, सड़क से नदी तक खाई में यहां-वहां बिखरा हुआ है।

हादसा किस कारण हुआ, अभी साफ नहीं

जानकारी के अनुसार, हादसे की वजह अब तक साफ नहीं हो सकी है। टेंपो सड़क किनारे बने पैराफिट को तोड़ता हुआ, खाई की ओर गिरा। इससे शुरूआती तौर पर अंदाजा लगाया जा रहा है, कि संभवतः वाहन की रफ्तार तेज रही होगी। हालांकि, घटना की पूरी जांच के बाद ही सही वजह साफ हो सकेगी।

गृहमंत्री अमित शाह, राज्यपाल गुरमीत सिंह, यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक

हादसे पर गृहमंत्री अमित शाह ने शोक जताया है। एक्स पर उन्होंने लिखा, मेरी संवेदनाएं इस हादसे में जान गवांने वालों के परिजनों के साथ हैं। स्थानीय प्रशासन की टीमें राहत व बचाव कार्य में जुटी हैं और घायलों को हरसम्भव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा, उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में एक सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद व दुर्भाग्यपूर्ण है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *