Accidents In Garhwal: उत्तराखंड में बीते कुछ दिनों से, सड़क हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले पांच दिन में, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग के बाद रविवार को पौड़ी गढ़वाल जिले में एक ही दिन दो हादसे हो गये। दोनों दुर्घटनाओं में, 12 लोग जख्मी हुये हैं। वहीं, दो बच्चों समेत चार की मौत हो गयी।

पौड़ी गढ़वाल में रविवार को दो हादसे हो गये। पहली दुर्घटना सतपुली-गुमखाल मार्ग पर, कुल्हाड़ बैंड पर हुयी। यहां सुबह करीब छह बजे, सतपुली से कोटद्वार की ओर जा रही, एक सूमो संख्या UK15-TA-0713 अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसा होते ही, आसपास के गांवों से लोग, दुर्घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े।

सतपुली और गुमखाल से पुलिस टीमें सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गयीं। एएसआई हरीश बंगारी के नेतृत्व में, एसडीआरएफ की टीम भी आ गयी। जवानों ने मशक्कत के बाद खाई में गिरे वाहन में फंसे, नौ लोगों को निकालकर सड़क तक पहुंचाया। सभी घायलों को, नजदीकी हंस हॉस्पिटल ले जाया गया। सभी की हालत स्थिर बतायी जा रही है।

तिमलीखाल से हरिद्वार स्नान के लिये जा रहे थे ग्रामीण

जानकारी के अनुसार, कुल्हाड़ मोड़ पर दुर्घटनाग्रस्त हुयी सूमो में सवार सभी लोग, बीरोंखाल ब्लॉक के तिमलीखाल क्षेत्र के कस्याणी के निवासी हैं। ये सभी लोग गांव में पूजा के बाद, गंगा दशहरा पर स्नान के लिये हरिद्वार जा रहे थे। बताया जा रहा है कि मोड़ पर, चालक को अचानक झपकी आ जाने से यह हादसा हुआ।

रुद्रप्रयाग दुर्घटना की जांच करेगी परिवहन विभाग की टीम, सरकार ने की मुआवजा देने की भी घोषणा

Accidents In Garhwal: दूसरे हादसे में, खिरसू-कठुली मार्ग पर कार खाई में गिरने से दो बालिकाओं समेत चार की गयी जान

पौड़ी गढ़वाल जिले में ही रविवार को दूसरा हादसा, श्रीनगर कोतवाली क्षेत्र में, खिरसू-कठुली लिंक मोटरमार्ग पर हुआ। दोपहर में, श्रीनगर पुलिस को जानकारी मिली कि इस मार्ग पर, एक कार खाई में जा गिरी है। जानकारी मिलते ही, श्रीनगर से पुलिस और एसडीआरएफ टीमें मौके पर पहुंच गयीं।

जवान स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर, खाई में उतरे। सड़क से करीब 100 मीटर नीचे गिरी कार, बुरी तरह पिचक गयी थी। जवानों को गाड़ी में फंसे लोगों को निकालने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। हादसे में कार में सवार दो बालिकाओं और चालक समेत, चार की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

शवों और तीन घायलों को सड़क तक लाया गया। यहां से घायलों को एम्बुलेंस के जरिये, खिरसू अस्पताल भेज दिया गया। उधर, घटना की जानकारी मिलते ही, एसएसपी लोकेश्वर सिंह भी घटनास्थल पर पहुंच गये। एसएसपी ने, राहत बचाव कार्य की निगरानी के अलावा, घायलों को बेहतर इलाज मुहैया करवाने को भी कहा।

एम्स ऋषिकेश में डॉक्टर और महिला नर्सिंग अफसर में हाथापाई, वीडियो हुआ वायरल

हादसे में इनकी चली गयी जान

  1. सृष्टि नेगी पुत्री सुरेश नेगी उम्र-18 वर्ष, निवासी परसुण्डाखाल जनपद पौड़ी गढ़वाल
  2. मनवर सिंह, वाहन चालक निवासी चोपड़ा जनपद पौड़ी गढ़वाल
  3. आरुषी पुत्री अजय उम्र-13 वर्ष, निवासी उरेगी जनपद पौड़ी गढ़वाल
  4. सौम्या पुत्री गणेश उम्र-09 वर्ष, निवासी उरेगी जनपद पौड़ी गढ़वाल

इन तीन घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज

  1. साक्षी नेगी पुत्री सुरेश नेगी उम्र-14 वर्ष, निवासी परसुण्डाखाल जनपद पौड़ी गढ़वाल
  2. समीक्षा पुत्री विनोद रावत उम्र-15 वर्ष, निवासी कठूली गांव जनपद पौड़ी गढ़वाल
  3. सागर उर्फ कान्हा पुत्र अजय उम्र-11 वर्ष, निवासी उरेगी जनपद पौड़ी गढ़वाल

घायलों को एम्स ऋषिकेश के लिये एयरलिफ्ट किया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने, पौड़ी गढ़वाल में हादसों की जानकारी पर जिला प्रशासन से जानकारी ली। उन्होंने घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध करवाने के लिये, जरूरत होने पर एयरलिफ्ट करने के भी निर्देश दिये। इसके बाद, शाम को पौड़ी से कुछ घायलों को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भिजवाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *