Bageshwar By-election: बागेश्वर उपचुनाव से पहले मिले झटके के बाद कांग्रेस ने भी वही किया जो भाजपा कर चुकी है। आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार रहे बसन्त कुमार कांग्रेस में शामिल हो गये। माना जा रहा है कि इसके बाद बागेश्वर में कांग्रेस के चेहरे की तलाश भी पूरी हो गयी है।

बागेश्वर विधानसभा सीट पर चंदन राम दास वर्ष 2007 से 2022 तक लगातार चार बार विधायक रहे। धामी सरकार में उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया था। स्वास्थ्य खराब होने के बाद अप्रैल 2023 में उनका निधन हो गया। जिसके चलते अब यहां उपचुनाव होना है।

दो दिन पहले ही 2022 के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रहे रंजीत दास पार्टी छोड़ भाजपा में शामिल हो गये थे। पूर्व प्रत्याशी के चुनाव से ऐन पहले इस कदम को कांग्रेस के लिये बड़ा सियासी झटका माना जा रहा था। दास के बाद कांग्रेस के लिये नये चेहरे की तलाश का संकट खड़ा हो गया था।

लेकिन अब कांग्रेस ने किसी नये उम्मीदवार की तलाश के बजाय पिछले चुनाव के ही एक उम्मीदवार पर दांव चल दिया है। भाजपा कांग्रेस के प्रत्याशी को साथ ले गयी तो कांग्रेस ने भी पिछले चुनाव में आम आदमी पार्टी प्रत्याशी रहे बसन्त कुमार को पार्टी में शामिल कर लिया है।

बागेश्वर में आयोजिय कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व राज्यसभा सदस्य प्रदीप टम्टा ने बसन्त कुमार को पार्टी की सदस्यता दिलायी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *