BJP Uttarakhand: भाजपा के गढ़वाल मंडल के जिला पंचायत सदस्यों के अभ्यास वर्ग में सदस्यों से केंद्र और राज्य सरकारों की नीतियों को पंचायतों तक पहुंचाने की अपील की गयी। मंडल के तीनों सांसदों ने सदस्यों को सम्बोधित करते हुये जनता के बीच पैठ बनाने के मंत्र दिये।

हरिद्वार के एक होटल में रविवार को भाजपा जिला पंचायत सदस्यों के दो दिवसीय अभ्यास वर्ग का दूसरा दिन रहा। दूसरे दिन के पहले सत्र में प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने ‘भाजपा की कार्यपद्धति, संवाद और सोशल मीडिया’ विषय पर जिला पंचायत सदस्यों को जानकारी दी।
इसके बाद हरिद्वार सांसद रमेश पोखरियाल निशंक ने भाजपा की नीतियों पर चर्चा की। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के मूल मंत्र को चरितार्थ करते हुए हमारी सरकार ने सभी वर्गों की उन्नति सुनिश्चित की है।

गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने जिला पंचायत सदस्यों को सम्बोधित करते हुये कहा कि उत्तराखंड समेत देशभर में समावेशी व सर्वस्पर्शी विकास हुए हैं। अनेक कल्याणकारी योजनाओं ने देश में गरीब कल्याण एवं ग्रामीण कल्याण के मार्ग प्रशस्त किए हैं।
टिहरी सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह ने कहा कि हमारी सरकार पंचायत स्तर तक विकास, सुशासन, स्वास्थ्य व अन्य सुविधाएं पहुँचाकर पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त कर, एक नए व समृद्ध भारत का निर्माण कर रही है।

उत्तराखंड के मंत्री गणेश जोशी ने जिला पंचायत सदस्यों को संबोधित करते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनमानस तक पहुंचाने का आग्रह किया। इस दौरान वर्ग संयोजक सुरेश भट्ट और अन्य प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।