Firing In Dehradun: उत्तराखंड की राजधानी, देहरादून के रायपुर क्षेत्र में, लेनदेन के विवाद में दो गुटों के बीच गोलीबारी का मामला सामने आया है। फायरिंग में एक युवक की जान चली गयी, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने मामले में, दो आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपी फरार बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, घटना रायपुर थाना क्षेत्र के नेहरूग्राम चौकी अंतर्गत डोभाल चौक की है। रविवार देर रात, इस क्षेत्र में स्थित एक घर से गोलियों की तड़तड़ाहट गूंजने लगी। जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल के पास से, दो युवकों सुभाष क्षेत्री और मनोज नेगी को लहूलुहान हालत में पड़ा पाया गया। उन्हें गोलियां लगी थीं।

पुलिस ने दोनों को, कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया। दोनों का वहां इलाज जारी है। पूछताछ में दोनों ने बताया, कि उनका साथी रवि बडोला निवासी रायपुर गायब है। पुलिस पूरी रात रवि को तलाशती रही, लेकिन उसका पता नहीं चला। सोमवार सुबह, रवि का शव बरामद किया गया। उसे भी गोली लगी हुयी थी।

पूछताछ में पता चला, कि डोभाल चौक निवासी देवेंद्र शर्मा उर्फ भारद्वाज और उसके कुछ साथियों ने, रवि, मनोज और सुभाष पर गोलियां बरसायी थीं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। जानकारी के अनुसार, मामले में दो युवकों को हिरासत में ले लिया गया है। मुख्य आरोपी देवेंद्र शर्मा उर्फ भारद्वाज फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

ब्याज पर रकम देने का काम करते हैं सभी लोग

पुलिस के अनुसार, आरंभिक जांच में पता चला है, कि घटना में मारा गया रवि, उसके दोनों साथी मनोज और सुभाष और आरोपी देवेंद्र शर्मा उर्फ भारद्वाज, ये सभी आपस में जुड़े हुये हैं। यह भी मालूम हुआ है, कि ये सभी लोग ब्याज पर रकम देने का काम करते हैं। माना जा रहा है, कि ब्याज की रकम को लेकर भी दोनों गुटों में विवाद हो सकता है।

पूरी रात रवि की तलाश में दौड़ते रहे परिजन

जानकारी के अनुसार, रवि के परिजनों को देर रात ही फायरिंग की जानकारी मिल गयी थी। इसके बाद, रवि के परिजन पुलिसकर्मियों के साथ पूरी रात रायपुर, नेहरूग्राम, डोभाल चौक आदि क्षेत्रों में उसकी तलाश करते रहे। लेकिन, वह कहीं नहीं मिला था। सुबह उसका शव बरामद किया गया।

गोली लगते ही भाग गया था रवि, नाले में गिरने की आशंका!

जानकारी के अनुसार, पूछताछ में सुभाष क्षेत्री और मनोज नेगी ने पुलिस को बताया है, कि वे तीनों जब देवेंद्र के घर पर पहुंचे। देवेंद्र और उसके साथियों ने उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इस दौरान गोली लगते ही, रवि बडोला वहां से भागता हुआ दूर निकल गया। आशंका जतायी जा रही है, कि काफी दूरी तक भागने के बाद, वह नाले में जा गिरा। उसका शव, नाले से ही बरामद किया गया था।

देवेंद्र से अपनी कार वापस लेने गया था रवि

जानकारी के अनुसार, पूछताछ में मालूम हुआ है, कि रवि बडोला ने कुछ समय पहले, अपनी कार देवेंद्र शर्मा उर्फ भारद्वाज को दी थी। रवि इस कार के लिये, देवेंद्र शर्मा से साढ़े चार लाख रुपये मांग रहा था। लेकिन, देवेंद्र शर्मा साढ़े तीन लाख रुपये ही देने पर अड़ा हुआ था। इसे लेकर दोनों में पहले भी विवाद हुआ था। रविवार रात, रवि अपने साथ मनोज और सुभाष को लेकर, अपनी कार वापस लेने ही गया था।

देवेंद्र को थी खुद पर जानलेवा हमले की आशंका

जानकारी के अनुसार, रवि जिस वक्त सुभाष और मनोज के साथ, अपनी कार लेने के लिये, देवेंद्र के घर निकला। उसी दौरान, किसी ने देवेंद्र को फोन कर यह जानकारी दे दी कि रवि अपने साथियों संग, उसे मारने के लिये आ रहा है। इस पर देवंेद्र ने भी अपने कुछ साथियों को बुला लिया। रवि, मनोज और सुभाष के पहुंचते ही, देवेंद्र और उसके साथियों ने गोलियां चलानी शुरू कर दीं।

लोगों ने हंगामा कर पुलिस को शव ले जाने से रोका

डोभाल चौक पर, गोलीबारी से स्थानीय लोगों में दहशत बनी रही। सोमवार सुबह, पुलिस रवि का शव बरामद करने के बाद, उसे ले जाने लगी। तभी बड़ी संख्या में लोग जुट गये और कार्रवाई की मांग करने लगे। उन्होंने पुलिस को शव ले जाने से भी रोक दिया। काफी समझाने के बाद, पुलिसकर्मी किसी तरह शव लेकर निकले।

विधायक काउ बोले- सूदखोरों पर लगाम कसना जरूरी

रायपुर विधायक उमेश शर्मा काउ भी, लोगों के हंगामे की सूचना पर मौके पर पहुंचे। उन्होंने नाराज लोगों को किसी तरह मनाया। इस दौरान विधायक ने, पुलिस से क्षेत्र में सक्रिय सूदखोरों पर लगाम कसने के लिये कहा। उन्होंने कहा, कि इस तरह के लोगों की वजह से, क्षेत्र में आपराधिक वारदातें बढ़ रही हैं।

आपराधिक वारदातों की खबरें, यहां पढ़ें

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *