Neeraj Chopra: वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में नीरज चोपड़ा ने स्वर्ण पदक कब्जाकर इतिहास रच दिया। उन्होंने न सिर्फ चैंपियनशिप में खिताब जीता, बल्कि वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सोना जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी भी बन गये।

हंगरी के बुडापेस्ट में चल रही वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रविवार/सोमवार देर रात Men’s Javelin Throw स्पर्धा के फाइनल में स्वर्णिम जीत हासिल की। नीरज ने 88.17 मीटर दूरी तक भाला फेंककर गोल्ड मेडल जीता। इसके साथ ही वह ऐसे पहले भारतीय खिलाड़ी भी बन गये, जिसने वर्ल्ड चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता है।

पाकिस्तान के अरशद नदीम (87.82 मीटर) ने रजत पदक और चेक गणराज्य के याकूब वादलेख (86.67 मीटर) ने कांस्य पदक हासिल किया। स्पर्धा में भारत के किशोर जेना 84.77 मीटर के साथ पांचवें और डीपी मनु 84.14 मीटर के साथ छठे स्थान पर रहे।

फ़ाउल से शुरुआत, दूसरे थ्रो से सोना: स्पर्धा में नीरज ने कुल पांच थ्रो किये, लेकिन उनकी शुरुआत फ़ाउल से हुयी। हालांकि, अगले ही थ्रो में नीरज न सिर्फ सम्भले बल्कि 88.17 मीटर की स्वर्णिम दूरी तय कर डाली। तीसरे, चौथे और पांचवें थ्रो में उन्होंने क्रमशः 86.32 मीटर, 84.64 मीटर और 87.73 मीटर थ्रो किया।

सेना ने दी सूबेदार को बधाई: नीरज चोपड़ा भारतीय सेना में सूबेदार हैं। वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उनकी स्वर्णिम सफलता पर भारतीय सेना ने उन्हें बधाई दी है। शनिवार को नीरज ने फाइनल के लिये क्वालीफाई किया था। तभी से यह उम्मीद जतायी जा रही थी कि वह उस बार स्वर्ण जरूर जीतेंगे।

 

टोक्यो ओलंपिक से ज्यादा दूरी: नीरज चोपड़ा ने 2020 टोक्यो ओलंपिक में भी स्वर्ण पदक जीता था। तब उन्होंने 87.58 मीटर दूरी तक भाला फेंका था। वर्ल्ड चैंपियनशिप में नीरज ने टोक्यो में तय की दूरी से 0.59 मीटर ज्यादा दूरी तक थ्रो किया है। देखिये वर्ल्ड चैंपियनशिप में नीरज का स्वर्णिम थ्रो:

पिछली बार की कसर पूरी की: अमेरिका के ओरेगन में वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2022 में नीरज को रजत पदक से सन्तोष करना पड़ा था। तब नीरज ने 88.39 मीटर तक थ्रो किया था। हालांकि, तब भी नीरज भारत के लिये वर्ल्ड चैंपियनशिप में रजत जीतने वाले पहले खिलाड़ी बने थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *