Neeraj Chopra: वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में देश के लिये पहला स्वर्ण पदक जीतने वाले नीरज चोपड़ा को सारा देश बधाई दे रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

नीरज चोपड़ा ने हंगरी के बुडापेस्ट में वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में Men’s Javelin में स्वर्ण पदक जीता है। वह इस प्रतियोगिया में भारत के लिये सोना जीतने वाले पहले खिलाड़ी हैं। नीरज की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर देश में जश्न का माहौल है।

नीरज को बधाइयों का तांता लगा हुआ है, हर भारतीय खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा है। नीरज ने अपना यह प्रदर्शन आगे भी बरकरार रखने की बात कही है। उन्होंने देशवासियों से अपील की है कि वे हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन करें।

उधर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नीरज को शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति के सन्देश में लिखा है कि वर्ल्ड चैंपियनशिप में पहला स्वर्ण जीतने वाले नीरज लाखों युवाओं के लिये प्रेरणास्रोत बनेंगे। उन्होंने लिखा कि भारत को नीरज पर गर्व है। वह आगे भी ऐसी ही उपलब्धियां प्राप्त करते रहेंगे।

राष्ट्रपति ने स्पर्धा में पांचवें और छठे स्थान पर रहे भारतीय एथलीट्स किशोर जेना और डीपी मनु को भी बधाई दी है। उन्होंने लिखा कि यह गर्व का विषय है कि नीरज के साथ इन दोनों खिलाड़ियों ने भी फाइनल में जगह बनायी और शानदार प्रदर्शन किया।

वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी नीरज समेत देशवासियों को बधाई दी है। पीएम मोदी ने अपने संदेश में लिखा कि नीरज के समर्पण, स्पष्टता और जुनून ने उन्हें न सिर्फ इस खेल में चैंपियन बनाया है, बल्कि पूरे खेल जगत के लिये वह सर्वश्रेष्ठ प्रतीक बन गये हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *