Nepal Bus Accidentनेपाल में भारतीय नागरिकों को लेकर जा रही एक बस नदी में जा गिरी है। अब तक 12 शव बरामद किये जा चुके हैं, 28 की तलाश जारी है।

Nepal Bus Accident: नेपाल घूमने जा रहे, 40 भारतीय यात्रियों की बस पोखरा-काठमांडू मार्ग पर नदी में जा गिरी। नेपाली सेना के जवान, राहत-बचाव कार्य में जुटे हुये हैं। अब तक 12 यात्रियों के शव नदी से निकाले जा चुके हैं। 28 अन्य यात्रियों को निकालने के प्रयास जारी हैं।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे तनहुं जिला में पोखरा-काठमांडू मार्ग पर, अंबुखैरैनी के पास एक बस अनियंत्रित होकर सड़क से मर्स्यांगदी नदी में जा गिरी। सड़क पर गुजर रहे दूसरे वाहनों के चालकों ने तुरंत नेपाल पुलिस और सेना के अधिकारियों को हादसे की जानकारी दी।

कुछ ही देर में, नेपाल पुलिस और नेपाली सेना के जवान मौके पर पहुंच गये और राहत-बचाव कार्य आरंभ किया। बताया जा रहा है, कि दोपहर एक बजे तक, बस से 12 शव निकाले जा चुके थे। अब तक मिली जानकारी के अनुसार, बस में 40 के करीब यात्रियों के सवार होने की भी सूचना, नेपाली सेना की ओर से दी गयी है। सभी लोग भारतीय हैं।

Nepal Bus Accident: उत्तर प्रदेश की है बस, अधिक जानकारी जुटायी जा रही

जानकारी के अनुसार, भारतीय यात्रियों को ले जा रही जो बस नदी में गिरी है वह उत्तर प्रदेश की है। नेपाल पुलिस के तनहुं जिला डीएसपी दीप कुमार राय की ओर से बताया गया है, कि बस संख्या यूपीएफटी-7623 दुर्घटनाग्रस्त हुयी है। आशंका जतायी जा रही है, कि बस में यूपी-बिहार के यात्री सवार हो सकते हैं। हालांकि, अभी आधिकारिक तौर पर इसकी कोई जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी है।

Nepal Bus Accident: सड़क से 150 मीटर नीचे नदी में गिरी है बस

जानकारी के अनुसार, भारतीय यात्रियों को लेकर जा रही, उत्तर प्रदेश की बस सड़क से करीब 150 मीटर नीचे नदी में गिरी है। इतनी उंचाई से गिरने के कारण, नदी में पहुंचने तक बस के परखच्चे उड़ गये। बस की छत और बॉडी पूरी तरह पिचक गयी हैं। इसके चलते, नेपाली सेना और पुलिस के जवानों को बस में फंसे यात्रियांे को निकालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।

नदी से सड़क तक शवों और घायलों को पहुंचाना, बेहद मुश्किल बना हुआ था। इसे देखते हुये, राहत-बचाव कार्य के साथ, नेपाली पुलिस और सेना के जवानों से सड़क से नदी तक रोपवे भी तैयार किया है। नदी में गिरी बस से, शवों और घायलों को निकालने के बाद, स्टेचर को रस्सियों की मदद से खींचकर सड़क तक पहुंचाया जा रहा है।

Nepal Bus Accident: भारतीय दूतावास ने जारी किया आपातकालीन नंबर

नेपाल स्थित भारतीय दूतावास भी, हादसे के बाद नेपाली सेना और पुलिस अधिकारियों के लगातार संपर्क में है। भारतीय दूतावास ने जानकारी दी है, कि अब तक मिली सूचना के अनुसार, बस में 43 भारतीय यात्री सवार थे। दूतावास की ओर से, सभी यात्रियों के बारे में जानकारी जुटाने के साथ, उनके परिजनों से भी संपर्क किया जा रहा है।

बस हादसे के संबंध में भारत में रह रहे, यात्रियों के परिजनों को जानकारी देने के लिये, भारतीय दूतावास ने आपातकालीन नंबर भी जारी किया है। दूतावास की ओर से दी गयी जानकारी के अनुसार, हादसे के बारे में जानकारी लेने के लिये, फोन नंबर- 977-9851107021 पर कॉल की जा सकती है।

Nepal Bus Accident: जुलाई में भी दो बसें नदी में जा गिरी थीं

नेपाल में पिछले महीने, जुलाई में भी बड़ा सड़क हादसा हुआ था। इस दुर्घटना (Nepal Bus Accident) में, नारायणगढ़-मुगलिन के बीच, सिमलताल क्षेत्र में 12 जुलाई को भारी भूस्खलन हुआ था। पहाड़ी से गिरे मलबे की चपेट में आकर, दो बसें नदी में जा गिरी थीं। इन दोनों बसों में 65 से अधिक यात्री सवार थे, जिनमें सात भारतीय भी थे।

Nepal Bus Accident: विमान हादसे ने ले ली थी 18 की जान

जुलाई में ही, काठमांडू के त्रिभुवन एयरपोर्ट पर विमान हादसे ने 18 यात्रियों की जान ले ली थी। 24 जुलाई को सौर्य एयरलाइंस के विमान ने 17 यात्रियों और दो पायलट को लेकर पोखरा के लिये टेकऑफ किया था। लेकिन, इसके तुरंत बाद विमान अनियंत्रित होकर तेजी से नीचे आ गिरा। हादसे में मारे गये 17 नागरिक नेपाल के और एक यमन का था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *