Congress: लोकसभा चुनाव के ऐलान से ऐन पहले देश के प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। आयकर विभाग ने कांग्रेस और युवक कांग्रेस के सभी खातों को फ्रीज कर दिया है। इस कार्रवाई को कांग्रेस ने दमनकारी और तानाशाही करार दिया है।

शुक्रवार को कांग्रेस कोषाध्यक्ष अजय माकन ने प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी। माकन ने बताया कि कांग्रेस की ओर से बीते कुछ समय से जो चेक जारी किए जा रहे थे, बैंकों की ओर से उन्हें लौटाया जा रहा था। इस पर पार्टी ने जानकारी जुटानी शुरू की। मालूम हुआ कि कांग्रेस के सभी खाते फ्रीज कर दिये गए हैं।

माकन ने बताया कि गुरुवार को युवक कांग्रेस के भी सभी खाते फ्रीज कर दिये गए। बताया कि आयकर विभाग की ओर से 210 करोड़ की रिकवरी मांगी गयी है। उन्होंने कहा कि आयकर विभाग ने केंद्र सरकार के इशारे पर यह कदम उठाया है, जो बताता है कि देश मे लोकतंत्र खत्म हो चुका है।

क्राउड फंडिंग से आया था पैसा: माकन का कहना है कि कांग्रेस के खाते में करीब 25 करोड़ की रकम क्राउड फंडिंग के जरिये आयी थी। यह राशि देशभर से आम जनता ने पार्टी को समर्थन देते हुए यूपीआई के जरिये जमा कराई थी। इसी तरह यूथ कांग्रेस के खातों में सदस्यता शुल्क के जरिये जमा की गई रकम थी।

चुनाव से पहले परेशान करने का तरीका: माकन ने कहा कि लोकसभा चुनाव के ऐलान में करीब दो हफ्ते बाकी हैं। ऐसे में यह निर्णय विपक्षी दलों को परेशान करने का तरीका है। कहा कि जानबूझकर यह कदम उठाया गया है। यह देश में विपक्ष को खत्म करने की साजिश है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *