Uttarakhand Weather: रविवार देर रात से जारी भारी बारिश के बाद मन्दाकिनी, नन्दाकिनी, पिंडर समेत सभी प्रमुख नदियां उफान पर हैं। इसके चलते अलकनन्दा नदी में भी जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। इसे देखते हुये रुद्रप्रयाग से हरिद्वार तक प्रशासन अलर्ट पर है।

उत्तराखंड में रविवार रात से ही लगातार बारिश जारी है। मौसम विभाग ने इसे लेकर अलर्ट भी जारी किया था। बारिश के बाद नदियों, गदेरों के उफान ओर आ जाने से पहाड़ से मैदान तक परेशानियों की आशंका बढ़ गयी है।
भारी बारिश के बाद पिंडर, नन्दाकिनी, मन्दाकिनी, अलकनन्दा नदियों का जलस्तर बहुत अधिक बढ़ गया है। रुद्रप्रयाग संगम पर सोमवार सुबह तक अलकनन्दा और मन्दाकिनी दोनों ही नदियों में पानी का बहाव और मात्रा बेहद खतरनाक हो चुके हैं।


पिंडर की सहायक नदी प्राणमती में भी पहाड़ों से गिर रहे गदेरों के पानी के कारण जलस्तर बहुत बढ़ गया है। इसके कारण प्रसन्नी और आगे पिंडर में भी पानी खतरा बना हुआ है। प्राणमती में आये मलबे के कारण पिंडर का बहाव भी आंशिक रूप से रुक गया, जिससे आसपास जलस्तर और बढ़ गया।
इधर, श्रीनगर में देर रात से ही अलकनन्दा उफान पर है। इसके बाद यहां डैम से अतिरिक्त पानी छोड़ने की तैयारी है। बांध से पानी छोड़े जाने पर देवप्रयाग, ऋषिकेश से हरिद्वार तक पहले ही उफ़न रही गंगा के खतरे के निशान से ऊपर निकलने की आशंका बढ़ गयी है।
लगातार बढ़ते हुये जलस्तर को देखते हुये पुलिस-प्रशासन अलर्ट पर हैं। चमोली-रुद्रप्रयाग से श्रीनगर-हरिद्वार तक लगातार सूचनाएं अपडेट की जा रही हैं। नदी किनारे से लोगों को हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। श्रीनगर में देर रात से ही पुलिस टीमें नदी किनारे इलाकों में डटी रहीं।
