Accidents: पौड़ी जिले के पाबौ ब्लॉक में गुरुवार देर रात एक कार 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। सड़क से नदी में गिरी कार में फंसे लोगों को निकालने के लिये पुलिस टीम देर रात से मौके पर है। अब तक एक शव निकाला जा चुका है। शेष घायलों को तलाश किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार रात थाना पौड़ी की पाबौ चौकी पुलिस को  सूचना प्राप्त हुई कि पाबौ से कोटद्वार रोड की तरफ आ रही एक कार 300 मीटर गहरी खाई में गिर गयी है। हादसा पाबौ से करीब तीन किलोमीटर आगे हुआ था।

जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पता चला कि कार संख्या UK12-G-2439 में चार लोगों के सवार होने की सम्भावना है। पुलिस ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया, लेकिन सड़क से खाई में उतरना बेहद मुश्किल बना हुआ था।

सूचना पर कुछ ही देर में थाना पौड़ी, थाना पैठाणी से पुलिस बल एवं पौड़ी से फायर व एसडीआरएफ की टीमें भी राहत-बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंच गयीं। सड़क से खाई में उतरने के लिये रास्ता बनाते हुये जवान कार तक पहुंचे।

कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी और नदी में गिरी थी। कार को नदी में सीधा किया गया, लेकिन उसमें कोई सवार नहीं नजर आया। कार सवारों के खाई में छिटक जाने की आशंका में पुलिस टीमों ने पूरी खाई में तलाश शुरू कर दी।

शुक्रवार सुबह खाई में फंसा एक शव बरामद कर लिया गया। शव को जवानों ने मशक्कत के बाद सड़क तक पहुंचाया। शव की शिनाख्त देबू गुसाईं के रूप में हुयी है। खाई में नई सवारों के भी फंसे होने के आसार को देखते हुये मौके पर अब भी तलाशी अभियान जारी है।

उत्तरकाशी में गंगोत्री जा रहे गुजरात के तीर्थयात्रियों के वाहन पर गिरा बोल्डर, सभी यात्री सुरक्षित

एक अन्य हादसा शुक्रवार सुबह उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री नेशनल हाईवे पर हुआ। यहां गंगोत्री दर्शन के लिये जा रहे गुजरात के तीर्थयात्रियों के वाहन पर पहाड़ी से एक बड़ा बोल्डर आ गिरा। इससे गाड़ी का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया। गनीमत रही कि सभी यात्री सुरक्षित हैं। यात्रियों के आगे के सफर के लिये प्रशासन और परिवहन विभाग की ओर से दूसरे वाहन की व्यवस्था की जा रही है।

जानकारी के अनुसार गुजरात से आये सात तीर्थयात्री शुक्रवार सुबह मैक्स संख्या UA07-T-2034 से गंगोत्री के लिये निकले। हाईवे पर मैक्स के धरासू थाने के पास पहुंचते ही अचानक पहाड़ी से भूस्खलन होने लगा। हालांकि, भूस्खलन के दौरान पहाड़ी से ज्यादा मलबा नहीं गिरा, लेकिन इस दौरान एक बड़ा भारी बोल्डर मैक्स पर आ गिरा। 

बोल्डर के टकराने से मैक्स का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इससे उसमें सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गयी। सड़क पर गुजर रहे अन्य वाहनों में सवार यात्री और सूचना पर धरासू थाने से पुलिसकर्मी मौके पर दौड़ पड़े। वाहन में सवार चालक और सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया।

गनीमत रही कि हादसे में किसी को चोटें नहीं आयी थीं। बाद में प्रशासन और परिवहन विभाग को जानकारी देकर यात्रियों के लिये दूसरे वाहन की व्यवस्था करवायी गयी। इस दौरान कुछ देर तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा। बाद में पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मैक्स को हटवाकर वाहनों की आवाजाही सुचारु करवायी।

मसूरी-देहरादून रोड पर भूस्खलन: मसूरी-देहरादून मार्ग पर शुक्रवार सुबह बारिश के बाद भूस्खलन हो गया। पहाड़ी दरकने के बाद भारी मात्रा में मलबा गिरने से सड़क बंद हो गयी। इससे यातायात बाधित हो गया। लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क खोलने का काम शुरू कर दिया गया था। बताया जा रहा है कि कुछ देर में यातायात सुचारु कर लिया जायेगा। इस दौरान सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *