Bageshwar By Election: बागेश्वर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी पार्वती दास ने 2405 मतों से जीत दर्ज कर ली। इस जीत के साथ ही वह अपने पति पूर्व मंत्री चंदन राम दास और भाजपा के गढ़ को बचाये रखने में भी कामयाब रहीं।

बागेश्वर विधानसभा क्षेत्र वर्ष 2007 से 2022 तक लगातार जीत से भारतीय जनता पार्टी का गढ़ बन गया। चंदन राम दास हर चुनाव में जीत दर्ज कर यह सीट पार्टी की झोली में डालते रहे। यही वजह थी कि 2022 में दोबारा सरकार बनने पर उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया।

लेकिन अप्रैल 2023 में अचानक उनका निधन हो गया। चंदन राम दास के निधन के बाद संगठन से लेकर सरकार तक भाजपा को बड़ी कमी महसूस होने लगी थी। उपचुनाव को लेकर भी यह सवाल उठने लगे थे कि चंदन राम दास के बाद अब बागेश्वर में चेहरा कौन होगा।

आखिर पार्टी नेतृत्व ने चंदन के परिवार पर ही उनकी सियासी विरासत सम्भालने की जिम्मेदारी दी। चंदन की पत्नी पार्वती दास को प्रत्याशी बना मैदान में उतारा गया। पार्टी का यह फैसला शुक्रवार को सटीक साबित हुआ और पार्वती ने 2405 वोट से जीत दर्ज कर ली।

14 राउंड की मतगणना के बाद घोषित अंतिम नतीजों के अनुसार पार्वती दास को कुल 33247 मत मिले। उनके प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार बसन्त कुमार ने 30842 वोट हासिल किये। उत्तराखंड क्रांति दल प्रत्याशी अर्जुन कुमार देव को 857, भगवती प्रसाद को 637 और उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के भगवत कोहली को 268 मत मिले।

उपचुनाव में जीत पर बागेश्वर से देहरादून तक भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं का जश्न जारी है। बागेश्वर जिला कार्यालय में सांसद अजय टम्टा समेत पार्टी नेताओं-कार्यकर्ताओं ने पार्वती दास का स्वागत किया। देहरादून प्रदेश कार्यालय में भी जश्न मना। अन्य जिलों में भी कार्यकर्ताओं ने खुशी मनायी।

https://twitter.com/pushkardhami/status/1700062732924678401?t=GnMT8-J3lUb0p68x4MpxDw&s=19

सीएम धामी ने जताया आभार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जीत पर पार्वती दास को बधाई देने के साथ बागेश्वर की जनता का आभार जताया। कहा कि उपचुनाव में मिली यह जीत जनता के भाजपा सरकार पर मजबूत भरोसे का प्रमाण है।

अधूरे कामों को पूरा करने का वादा: नवनिर्वाचित विधायक पार्वती दास ने अपने पति चंदन राम दास के अधूरे काम पूरे करने का वादा किया। जीत के बाद डीएम अनुराधा पाल ने उन्हें प्रमाणपत्र सौंपा। इसके बाद वह कार्यकर्ताओं से मिलीं और उनका व बागेश्वर की जनता का आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *