Cabinet Ministers 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के, नये मंत्रिमंडल में, कैबिनेट मंत्रियों को पोर्टफोलियो वितरण कर दिया गया है। अधिकतर मंत्रियों को, उनके पिछले कार्यकाल के ही विभाग सौंपे गये हैं। नये चेहरों में शिवराज सिंह चौहान, मनोहर लाल खट्टर, एचडी कुमारस्वामी को भी महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी दी गयी है।

पीएम नरेंद्र मोदी ने, रविवार को शपथग्रहण की थी। इस दौरान 30 कैबिनेट मंत्रियों, 05 राज्यमंत्रियों (स्वतन्त्र प्रभार) और 36 राज्यमंत्रियों को शपथ दिलायी गयी थी। सोमवार को पीएम नरेंद्र मोदी के सुझाव पर, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने, केंद्रीय कैबिनेट में मंत्रियों के पोर्टफोलियो को मंजूरी दे दी है। मंत्रिमंडल में, राजनाथ सिंह को एक बार फिर रक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गयी है।

अमित शाह को दोबारा गृहमंत्री बनाया गया है। वह सहकारिता मंत्रालय भी संभालेंगे। नितिन जयराम गडकरी को एक बार फिर सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय सौंपा गया है। भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को स्वास्थ्य मंत्रालय के साथ, रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय भी सौंपा गया है। नड्डा मोदी सरकार 1.0 में भी स्वास्थ्य मंत्री रह चुके हैं।

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को कृषि मंत्री बनाया गया है। इसके अलावा उन्हें ग्रामीण विकास मंत्रालय की भी जिम्मेदारी सौंपी गयी है। निर्मला सीतारमण एक बार फिर, देश की वित्त मंत्री की जिम्मेदारी संभालेंगी। उन्हें कॉरपोरेट अफेयर्स का दायित्व भी दिया गया है।

डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर विदेश मंत्री के तौर पर, काम करते रहेंगे। हरियाणा के पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर को, शहरी मामलों और आवास विकास मंत्रालय सौंपा गया है। साथ ही, उन्हें उर्जा मंत्रालय की भी जिम्मेदारी मिली है। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी को भारी उद्योग मंत्रालय के साथ, स्टील मंत्रालय भी सौंपा गया है।

पीयूष गोयल, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री होंगे। शिक्षा मंत्री का जिम्मा धर्मेंद्र प्रधान के कंधों पर डाला गया है। माइक्रा, स्मॉल और मीडियम उद्यम मंत्रालय की जिम्मेदारी जीतनराम मांझी को सौंपी गयी है। राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह को पंचायती राज मंत्रालय दिया गया है। इसके अलावा, वह मत्स्य, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय भी संभालेंगे।

असम के पूर्व मंत्री सर्बानंद सोनोवाल को, एक बार फिर बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय सौंपा गया है। हाल में, सर्बानंद सोनोवाल, ईरान में चर्चित चाबहार बंदरगाह की देखभाल के लिये, ईरान-भारत के बीच हुये महत्वपूर्ण समझौते के दौरान भी मौजूद रहे थे।

डॉ. वीरेंद्र कुमार को सामाजिक न्याय एवं सशक्तीकरण मंत्रालय की जिम्मेदारी मिली है। किंजारपु राममोहन नायडू को नागरिक उड्डयन मंत्रालय सौंपा गया है। प्रह्लाद जोशी को उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति के साथ नवीन एवं नवीकरणीय उर्जा मंत्रालय का दायित्व दिया गया है।

जुएल ओरांव को आदिवासी मामलों की जिम्मेदारी दी गयी है। गिरिराज सिंह को कपड़ा मंत्रालय दिया गया है। अश्विनी वैष्णव को रेलवे मंत्रालय की जिम्मेदारी एक बार फिर दी गयी है। उन्हें, रेलवे मंत्रालय के अलावा, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्टॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की भी जिम्मेदारी सौंपी गयी हैै।

ज्योतिरादित्य सिंधिया को संचार मंत्री बनाया गया है। इसके साथ ही, पूर्वोत्तर राज्यों के विकास की जिम्मेदारी भी सिंधिया पर रहेगी। भूपेंद्र यादव को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय सौंपा गया है। गजेंद्र सिंह शेखावत, संस्कृति मंत्री के साथ, पर्यटन मंत्री की भी जिम्मेदारी संभालेंगे।

अन्नपूर्णा देवी को महिला एवं बाल सशक्तीकरण विकास मंत्रालय सौंपा गया है। वहीं, किरेन रिजिजू को संसदीय मामले के साथ, अल्पसंख्यक मंत्रालय की भी जिम्मेदारी सौंपी गयी है। हरदीप सिंह पुरी को पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गयी है। सीआर पाटिल को जलशक्ति मंत्रालय सौंपा गया है।

चिराग पासवान को पहली बार केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह दी गयी है। उन्हें खाद्य प्रसंस्करण मंत्री बनाया गया है। डॉ. मनसुख मंडाविया को श्रम एवं रोजगार मंत्रालय दिया गया है। इसके अलावा, मंडाविया युवा कल्याण एवं खेल मंत्री के तौर पर भी जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं, जी किशन रेड्डी को कोयला मंत्रालय और खान मंत्रालय सौंपे गये हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संभालेंगे यह जिम्मेदारियां

पीएम नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में शामिल सभी 30 मंत्रियों को विभागों का आवंटन कर दिया गया है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोर्टफोलियो में, अंतरिक्ष, परमाणु उर्जा, महत्वपूर्ण नीतिपरक मुद्दे, पब्लिक ग्रीवांस, पेंशन और अन्य ऐसे सभी विभाग शामिल होंगे, जिनका आवंटन किसी अन्य मंत्री को नहीं किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *