Landslide Accident: उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री हाईवे पर हुये हादसे में एक और महिला की जान चली गयी। हादसे में मृतकों की कुल संख्या चार हो गयी है, चालक समेत दो गम्भीर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा पहाड़ी से बोल्डर के कार पर गिरने से हुआ था। बोल्डर टकराने के बाद कार भागीरथी में जा गिरी।

उत्तरकाशी में शुक्रवार दोपहर को एक कार नदी में जा गिरी थी। हादसे की सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गयी थीं। जानकारी पर पुलिस उपाधीक्षक अनुज कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और अपनी निगरानी में राहत-बचाव कार्य आरम्भ करवाया। डीएम अभिषेक रुहेला भी मौके पर पहुंच गये थे।

रेस्क्यू अभियान पूरा हो जाने के बाद पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को मारुति ईको कार संख्या UK01-TA-0941 उत्तरकाशी से सवारियों को लेकर भटवाड़ी के लिये निकली थी। जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर आगे मनेरी से कुछ आगे जाने पर सैंज के पास पहाड़ी से अचानक बोल्डर गिरने लगे।

इसी बीच कार भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र से निकली तो एक बड़ा बोल्डर पहाड़ी से गिरकर सीधा कार से टकरा गया। इससे कार चालक नियंत्रण खो बैठा और कार बोल्डर के साथ ही सड़क से करीब 50 मीटर नीचे नदी में जा गिरी। बोल्डर की टक्कर और फिर नदी किनारे पत्थरों से टकराने के कारण कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी।

कार बुरी तरह पिचक गयी थी, जबकि उसके दरवाजे भी टूटकर उखड़ गये थे। पुलिस और एसडीआरएफ जवानों ने सड़क से नदी पर पहुंचने के बाद बचाव अभियान शुरू किया। कार में चालक समेत कुल छह लोग सवार थे। कार नदी में पलटी हुयी थी। ऐसे में जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार को सीधा किया।

इसके बाद कार में फंसे लोगों को एक-एक कर बाहर निकाला गया। इस दौरान दो महिलाओं और एक पुरुष की मौत हो चुकी थी। एसडीआरएफ जवानों ने तीनों शव स्ट्रेचर के जरिये सड़क तक पहुंचाये, जहां से उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। इसके साथ ही एक महिला समेत तीन गम्भीर घायलों को भी निकालकर अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल में एक महिला को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार यहां शवों की शिनाख्त इंदिरा देवी पत्नी स्वर्गीय उत्तम सिंह निवासी ग्राम द्वारी जनपद उत्तरकाशी उम्र 51 वर्ष। करण लाल पुत्र सेवालाल निवासी सालंग भटवाड़ी उत्तरकाशी उम्र 52 वर्ष और आशा देवी पत्नी मंगलदास निवासी द्वारी भटवाड़ी उत्तरकाशी उम्र 41 वर्ष के रूप में हुयी।

पुलिस के अनुसार इन तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। वहीं, दुर्गा देवी पत्नी स्वर्गीय धर्म सिंह निवासी द्वारी, भटवाड़ी उम्र 60 वर्ष को पुलिस-एसडीआरएफ ने गम्भीर घायल हालत में अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस की ओर से सभी के परिजनों को सूचित कर दिया गया था।

हादसे में आदित्य रावत पुत्र रामचंद्र निवासी द्वारी, भटवाड़ी उत्तरकाशी उम्र 26 वर्ष और लुद्रा सिंह उर्फ राजा पुत्र योगेश सिंह निवासी उपरोक्त उम्र 20 वर्ष गम्भीर रूप से घायल हुये हैं। इनमें से आदित्य रावत दुर्घटनाग्रस्त वाहन का चालक है। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारियों ने दोनों से हादसे के बाबत जानकारी ली।

हाईवे पर सावधानी जरूरी: यह साफ हो गया है कि हादसा भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में पहाड़ी से गिरे बोल्डर के कार से टकराने के बाद हुआ। इसे देखते हुये पुलिस ने हाईवे समेत पर्वतीय मार्गों पर सावधानी के साथ सफर करने की अपील यात्रियों से की है। भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त ध्यान देने की हिदायत दी गयी है।

अधिकारी जानकारी लेने पहुंचेः हादसे के बारे में सूचना के बाद जिले के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिये गये। वहीं, शवों के पोस्टमार्टम आदि की भी औपचारिकताएं पूरी की गयीं।

यह भी पढ़ेंः अव्यवस्थाओं पर चढ़ा सचिव का पारा 

यह भी पढ़ेंः दो डॉक्टरों का वेतन रोका, चार को नोटिस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *