Shekhar Suman: लोकसभा चुनाव 2024 के लिये तीसरे चरण के मतदान के दौरान बॉलीवुड अभिनेता शेखर सुमन ने भाजपा की सदस्यता ले ली। उनके साथ, बीते दिनों कांग्रेस से इस्तीफा देने वाली राधिका खेड़ा (Radhika Khera) भी भाजपा में शामिल हो गयी हैं। राधिका भाजपा में आने वाली कांग्रेस की तीसरी राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं। वहीं, शेखर सुमन भी 2009 में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं।

मंगलवार को लोकसभा चुनाव 2024 के लिये 11 राज्यों में मतदान जारी है। इसी बीच, दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में बॉलीवुड अभिनेता शेखर सुमन और कांग्रेस की पूर्व नेशनल मीडिया कोऑर्डिनेटर राधिका खेड़ा भाजपा में शामिल हो गयीं। पार्टी मुख्यालय में भाजपा महासचिव विनोद तावड़े, मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी, सहप्रभारी संजय मयूख ने दोनों का स्वागत किया।

तीसरे चरण के लिये अब तक 25.41 प्रतिशत मतदान

भाजपा महासचिव विनोद तावड़े ने इस दौरान कहा कि शेखर सुमन की फिल्म-कला क्षेत्र में लंबा सफर रहा है। फिल्मों में सफल किरदार निभाने वाले शेखर सुमन, पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भी अहम भूमिका निभायेंगे। उन्होंने कहा कि राधिका खेड़ा कांग्रेस की प्रखर प्रवक्ता रहीं। उन्होंने कहा कि उनके अनुभवों का भारत के विकास में लाभ लिया जायेगा।

शत्रुघ्न सिन्हा के खिलाफ लड़ा था चुनाव

शेखर सुमन को कांग्रेस ने 2009 में पटना साहिब सीट से भाजपा उम्मीदवार शत्रुघ्न सिन्हा के सामने चुनाव मैदान में उतारा था। हालांकि, शेखर सुमन इस चुनाव में हार गये थे। शत्रुघ्न सिन्हा बाद में भाजपा छोड़ तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गये और वर्तमान में पश्चिम बंगाल से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, शेखर सुमन अब भाजपा में आ गये हैं।

मोदी की गारंटी ने दिल्ली तक पहुंचाया

राधिका खेड़ा ने कहा कि आज वह दिल्ली भाजपा मुख्यालय पहुंच पायी हैं, तो इसके पीछे छत्तीसगढ़ में वर्तमान में मोदी की गारंटी वाली भाजपा सरकार ही है। उन्होंने कहा कि आज की कांग्रेस रामविरोधी, हिन्दूविरोधी कांग्रेस है और महात्मा गांधी के आदर्शों को भूल चुकी है। कहा कि उन्होंने अपनी मां के साथ अयोध्या में रामलला के दर्शन किये, तो उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया।

राधिका ने कहा कि, भाजपा सरकार की वजह से ही वह सुरक्षित रह सकीं। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के भरोसे से उन्हें जो अवसर मिला है, उसके जरिये वह विकसित भारत की अवधारणा को आगे बढ़ाने में अपना पूरा योगदान देंगी।

कल तक पता नहीं था, आज यहां बैठूंगा

शेखर सुमन ने कहा कि कल तक उन्हें मालूम नहीं था कि वह आज यहां भाजपा कार्यालय में बैठूंगा। कई बार हमें पता नहीं होता, लेकिन जैसा भगवान का आदेश होता है, उसके हिसाब से ही काम होता है। उन्होंने कहा कि होइहीं वही जो राम रचि राखा। भगवान ने जो भी सोचा है, वह अच्छा ही होता है। शेखर सुमन ने कहा कि उनके मन में देश का ख्याल है।

शेखर सुमन ने कहा कि वह चाहें तो लंबा भाषण दे सकते हैं, लेकिन उसके कोई मायने नहीं होंगे। बातों का अर्थ तब होगा, जब धरातल पर काम दिखेगा। कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश जिस तरह बदल रहा है, उस प्रवाह में शामिल होना हर नागरिक का कर्तव्य बन जाता है। कहा कि उन्हें यह मौका मिला है, जिसके बाद वह कुछ करके जरूर दिखायेंगे।

2019 में भाजपा की जीत के आंकड़े रखे

भाजपा महासचिव विनोद तावड़े ने बताया कि 21 राज्यों की 102 सीटों का चुनाव हुआ, जिनमें से 77 पर भाजपा ने अपने उम्मीदवार उतारे थे। 25 सीटों पर एनडीए के उम्मीदवार थे। दूसरे चरण में 13 राज्यों की 89 सीटों पर मतदान हुआ, जिसमें से 71 पर भाजपा और 18 सीटों पर एनडीए के प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। तावड़े ने कहा कि पहले चरण के चुनाव में जिन 102 सीटों पर चुनाव हुआ, उनमें से 40 सीटों पर भाजपा ने 2019 में जीत दर्ज की थी।

इसी तरह दूसरे चरण में जिन 89 सीटों पर मतदान हुआ, 2019 में उनमें से 58 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज की थी। बताया कि तीसरे चरण में मंगलवार को हो रहे मतदान में 94 सीटें शामिल हैं। इनमें से 82 पर भाजपा और 12 पर एनडीए ने अपने प्रत्याशी उतारे हैं। भारतीय जनता पार्टी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में इनमें से 72 सीटों पर जीत दर्ज की थी। कहा कि भाजपा फिर इतिहास दोहरायेगी।

विपक्षी नेताओं के बयान पाकिस्तान को खुश करने वाले

भाजपा महासचिव विनोद तावड़े ने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान फारूख अब्दुल्ला, लालू प्रसाद यादव समेत विपक्षी नेताओं के जिस तरह के बयान आ रहे हैं, उनसे मतदाताओं के मन में यह बात उठ रही है कि उन्हें पाकिस्तान को खुश करने वाले नेता चाहिये या भारत को मजबूत करने वाला नेता।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *