Uttarakhand Landslide: देहरादून जिले के विकासनगर ब्लॉक में जाखन गांव का पहाड़ धंसने लगा है। भूस्खलन से यहाँ 10 घर पूरी तरह ढह गये हैं, जबकि कई मकानों में दरारें आ गयी हैं। पुलिस, sdrf की टीमें गांव में हैं। सभी ग्रामीणों को पास के स्कूल में शिफ्ट किया गया है।

विकासनगर ब्लॉक में लांघा रोड स्थित जाखन गांव के आसपास कुछ दिनों से लगातार मलबा गिर रहा था। बुधवार शाम करीब चार बजे अचानक वह पहाड़ी धंस गयी, जिस पर यह गांव बसा हुआ है। भूस्खलन से 10 घर, छह गौशालाएं ढह गये, जबकि कई अन्य मकानों पर गहरी दरारें पड़ गयी हैं।

बीते दिनों से हो रहे भूस्खलन के चलते ग्रामीण पहले से चौकन्ने थे। इसके चलते बुधवार को भूस्खलन के वक्त ग्रामीण सुरक्षित स्थानों पर निकल गये थे। इससे हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। लेकिन जमीन के धंसने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

जानकारी पर पुलिस, sdrf की टीमें गांव पहुंच गयीं। इसके बाद ग्रामीणों को पश्ता गांव के स्कूल में शिफ्ट कराया गया। देर शाम डीआईजी/एसएसपी दलीप सिंह कुंवर भी गांव पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया।

उधर, गांव का पहाड़ लगातार धंसने से ग्रामीणों में डर है। उनका कहना है कि पास की पहाड़ी से लगातार मलबा गिरने का असर उनके गांव की पहाड़ी पर हो रहा है। गांव में आवाजाही पर रोक लगा दी गयी है। पुलिस और sdrf की टीमें निगरानी कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *