AAP Star Campaigner List: आम आदमी पार्टी ने लोकसभा चुनाव 2024 (Loksabha Election 2024) के लिये, अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल को भी स्टार प्रचारकों में शामिल किया गया है। इसे औपचारिक रूप से सुनीता की राजनीति में एंट्री के तौर पर देखा जा रहा है।

आम आदमी पार्टी ने सोमवार शाम, पार्टी के स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय सचिव पंकज कुमार गुप्ता की ओर से चुनाव आयोग को भेजी गयी, स्टार प्रचारकों की इस सूची में 40 नेताओं के नाम शामिल किये गये हैं। खास बात यह है, कि सूची में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ, उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल को भी स्टार प्रचारक बनाया गया है।

इनके अलावा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, राज्यसभा सांसद संजय सिंह, संदीप पाठक, राघव चड्ढा, दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय, आतिशी, सौरभ भारद्वाज को भी स्टार प्रचारकों की सूची में जगह मिली है। कैलाश गहलोत, हरपाल सिंह चीमा, अमन अरोरा भी इस सूची में शामिल हैं।

लेकिन, सबसे ज्यादा चर्चा सुनीता केजरीवाल के नाम को लेकर है। माना जा रहा है, कि लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान सुनीता केजरीवाल को स्टार प्रचारकों में शामिल करना, उन्हें राजनीतिक रूप से सर्वमान्य बनाने की एक कोशिश हो सकती है। हालांकि, केजरीवाल के जेल जाने के बाद, पिछले दिनों सुनीता केजरीवाल लगातार सार्वजनिक रूप से सक्रिय रही हैं।

उन्होंने, सीएम आवास से केजरीवाल का जनता के नाम संदेश सुनाने के साथ ही, इंडिया अलायंस के साथ हुयी रैलियों में भी प्रतिभाग किया। दिल्ली में भी कई रोड शो के दौरान सुनीता केजरीवाल, अपने पति की गैरमौजूदगी को भरने की कोशिश करती रहीं। अब वह केजरीवाल के साथ प्रचार में कंधे से कंधा मिलाकर चलती नजर आयेंगी।

दूसरे नंबर पर सुनीता के नाम से बड़ा संदेश

स्टार प्रचारकों की सूची में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का नाम पहले नंबर पर है। खास बात यह है, कि सुनीता केजरीवाल का नाम अरविंद केजरीवाल के ठीक बाद, यानी दूसरे नंबर पर दर्ज किया गया है। इसे लेकर भी चर्चाओं का बाजार गर्म है।

माना जा रहा है, कि इस सूची के जरिये केजरीवाल ने अपने जेल जाने के बाद, पार्टी के भीतर नंबर दो की जगह को लेकर उठे सवाल का जवाब देने की कोशिश की है। इसे आम आदमी पार्टी के दूसरे नेताओं के लिये भी एक इशारे की तरह देखा जा रहा है।

स्वाति मालीवाल को नहीं दी गयी है जगह

दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल को आम आदमी पार्टी की स्टार प्रचारक सूची में शामिल नहीं किया गया है। इसे लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। दरअसल, सोमवार सुबह ही स्वाति मालीवाल के साथ, सीएम केजरीवाल के आवास पर कथित तौर पर मारपीट किये जाने की जानकारी आयी है।

आप चुनाव के दौरान महिलाओं से जुड़े मुद्दे भी उठाती रही है। वहीं, दिल्ली सरकार, दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा और बेहतर सुविधाओं के दावे लगातार करती रही है। दिल्ली महिला आयोग की दिल्ली सरकार और आम आदमी पार्टी के इन दावों में बड़ी भूमिका रही है। लेकिन, उसी आयोग की पूर्व अध्यक्ष को चुनाव प्रचार में जगह नहीं देना, सवाल खड़े कर रहा है। खास बात यह है, कि पार्टी ने अपने बाकी सभी राज्यसभा सांसदों को सूची में रखा है, सिर्फ स्वाति मालीवाल को छोड़ा गया है।

जेल में बंद मनीष सिसौदिया, सत्येंद्र जैन भी शामिल

आम आदमी पार्टी की स्टार प्रचारकों की सूची में पूर्व मंत्री मनीष सिसौदिया और सत्येंद्र जैन को भी जगह दी गयी है। ये दोनों ही नेता, लंबे समय से तिहाड़ जेल में हैं। कई बार की कोशिशों के बावजूद, मनीष को अब तक अदालत से जमानत नहीं मिल सकी है। वहीं, जैन को कुछ समय पहले ही, वापस जेल भेजा गया है।

सूची में इनके नाम भी किये गये हैं शामिल

आम आदमी पार्टी की स्टार प्रचारकों की सूची में, अनमोल गगन मान, चेतन सिंह जोरमाजरा, ब्रह्मशंकर जिंपा, हरजोत सिंह बैंस, बलकार सिंह, हरभजन सिंह ईटीओ, लाल चंद कटारूचक, बलजीत कौर, प्रिंसिपल बुद्धराम, बलजिंदर कौर, संजीव झा, जसवीर सिंह राजा गिल का नाम रखा गया है।

अन्य नेताओं में, तरनप्रीत सिंह सोंध, मनजिंदर सिंह लालपुरा, मनजीत बिलासपुर, सरबजीत मानुके, कुलवंत पंडूरी, डॉ. इंदरबीर निज्जर, दलजीत सिंह भोला ग्रेवाल, नरिंदर पाल सिंह सावना, जगदीप सिंह गोल्डी कांबोज, देविंदर सिंह लाडी, दिनेश चड्ढा और डॉ. रवजोत को रखा गया है।

40 सदस्यीय सूची में सिर्फ चार महिलाएं

आम आदमी पार्टी की 40 सदस्यीय स्टार प्रचारकों की इस सूची में सिर्फ चार महिलाओं को जगह दी गयी है। इनमें सुनीता केजरीवाल के अलावा, दिल्ली सरकार की कैबिनेट मंत्री आतिशी मारलेना और पंजाब विधानसभा की दो महिला विधायक बलजीत कौर एवं बलजिंदर कौर शामिल हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *