Badaun Double Murder: उत्तर प्रदेश के बदायूं में  एक सैलून संचालक ने, पड़ोसी के तीन बच्चों पर हमला कर दिया। उसने दो बच्चों का गला रेतकर उनकी जान ले ली। तीसरा बच्चा जख्मी है। बाद में, भागने की कोशिश के दौरान, मुठभेड़ में पुलिस टीम की जवाबी फायरिंग में आरोपी मारा गया।

जानकारी के अनुसार, बदायूं के सिविल लाइन क्षेत्र स्थित बाबा कॉलोनी में विनोद कुमार मां, पत्नी और तीन बच्चों संग रहते हैं। विनोद ठेकेदार हैं, जबकि उनकी पत्नी संगीता घर पर ही ब्यूटी पार्लर चलाती हैं। बताया जा रहा है कि, उनके घर के सामने ही साजिद (26) पुत्र बाबू निवासी शहबाजपुर, सहसवान सैलून चलाता था।

मंगलवार देर शाम विनोद के तीनों बच्चे घर की दूसरी मंजिल पर छत में खेल रहे थे। उन्हें खेलता देख साजिद अपनी दुकान से निकला और विनोद के घर में चला गया। उस वक्त संगीता अपने पार्लर में थी। बताया जा रहा है कि विनोद घर पर नहीं थे। आरोपी घर में विनोद की मां से मिला और कुछ देर बातचीत के बाद बाहर निकलने के बजाय सीधा छत पर चला गया।

कुछ ही सेकंड बाद बाद, छत से संगीता का 11 वर्षीय बेटा जख्मी हालत में चीखते हुये बदहवास दौड़ता नीचे आया। उसे देख संगीता छत की ओर दौड़ी, तो गश खाकर गिर पड़ीं। छत पर उनके बेटे आयुष (12) और अहान (06) के लहूलुहान शव पड़े थे। दोनों के गले रेत दिये गये थे। आरोपी साजिद तब तक भाग निकला था।

दो बच्चों की जघन्य हत्या की जानकारी मिलते ही, मौके पर भारी भीड़ जुट गयी। लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। गुस्साए लोगों ने जावेद की दुकान का सामान सड़क पर निकाल आग के हवाले कर दिया। नाराज लोगों ने स्थानीय थाने पर घेराव कर दिया और मुरादाबाद, फर्रुखाबाद हाइवे पर कुछ देर के लिये जाम भी लगा दिया। डीएम, एसपी ने किसी तरह लोगों को शांत किया।

उधर, जानकारी मिलते ही कमिश्नर सौम्या अग्रवाल और आईजी राकेश सिंह भी बदायूं पहुंच गये। दोनों अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और घटना की जानकारी ली। तत्काल एसओजी और स्थानीय पुलिस की टीमें गठित कर आरोपी साजिद की तलाश शुरू की गयी।

तनाव के चलते पैरामिलिट्री को सड़कों पर उतारा

घटना के बाद क्षेत्र में बढ़ते तनाव को देखते हुये अधिकारियों ने बरेली, मुरादाबाद से अतिरिक्त पुलिस बल मंगा लिया। चुनावी माहौल के कारण, हालात बेकाबू न हों, इसके लिये पैरामिलिट्री जवानों को भी सड़कों पर उतार दिया गया। देर रात तक सिविल लाइन, बाबा कॉलोनी समेत संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त जारी थी।

जंगल के रास्ते भागने की कोशिश में पुलिस को देखकर चला दी गोली, जवाबी फायरिंग में निकली साजिद की जान

आईजी ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि आरोपी साजिद के कपड़े, हाथ, चेहरा भी खून से सने हुये हैं। पुलिस टीमें लोगों के बताये रास्तों पर उसकी तलाश में निकल गयीं। आईजी के अनुसार, शेखुपुर के जंगल में जब टीम पहुंची तो उन्हें साजिद भागता नजर आया।

पुलिस ने उसे रुकने के लिये कहा, तो साजिद ने पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। जवाब में जवानों ने फायरिंग की, जिसमें साजिद बुरी तरह जख्मी हो गया। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। 

हत्या की सही वजह अभी साफ नहीं

आईजी ने बताया कि आरोपी ने दोनों बच्चों की हत्या क्यों की, इसकी जांच की जा रही है। उधर, बताया जा रहा है कि एक दिन पहले ही किसी बात को लेकर विनोद से साजिद की बहस हो गयी थी। आशंका है कि इसी बात का बदला लेने के लिये, उसने विनोद के दो बेटों को मार डाला।

उस्तरा या कुल्हाड़ी, अभी नहीं मिला हथियार

आरोपी साजिद ने किस हथियार से बच्चों के गले काटे, अभी साफ नहीं हुआ है। कुछ लोगों का मानना है कि उसने उस्तरे से बच्चों के गले रेते, तो कुछ का कहना था कि कुल्हाड़ी से गले काटे गए। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट से अंदाजा लग जायेगा कि किस हथियार का इस्तेमाल किया गया।

जादू टोने से भी जुड़ा हो सकता है मामला!

स्थानीय लोगों का दावा था कि साजिद कुछ तंत्र क्रियाएं, जादू टोना भी करता था। ऐसे में हत्याओं के पीछे यह भी एक वजह होने की आशंका जतायी गयी। आईजी का कहना है कि साजिद क्या करता था, इसकी पूरी जानकारी जुटायी जा रही है। तंत्र के एंगल से भी जांच की जायेगी।

जनता से शांति बनाये रखने की अपील

कमिश्नर सौम्या अग्रवाल, आईजी राकेश सिंह, डीएम मनोज कुमार समेत सभी अधिकारियों ने जनता से इस घटना को लेकर शांति बनाये रखने की अपील की है। बच्चों के शव पोस्टमार्टम के लिये भेजने के दौरान हंगामा होने पर भी अधिकारियों ने लोगों को समझा बुझाकर शांत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *