Badaun Murder Updates: बदायूं में दो मासूमों की नृशंस हत्या में आरोपी मोहम्मद जावेद को बरेली में गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी बुधवार देर रात खुद ही सरेंडर करने के लिये बरेली पहुंचा था। यहां कुछ लोगों से उसने थाने पहुंचाने के लिये मदद मांगी। बाद में जानकारी पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। एसएसपी बदायूं ने गिरफ्तारी की पुष्टि कर दी है।

बदायूं के सिविल लाइन थाना क्षेत्रांतर्गत बाबा कॉलोनी में मंगलवार देर शाम, साजिद नाम के सैलून संचालक ने पड़ोसी विनोद कुमार के दो बेटों आयुष (12) और अहान (06) की गला रेतकर नृशंस हत्या कर डाली थी। तीसरा बेटा पीयूष भी घायल हो गया था। दोहरे हत्याकांड के करीब तीन घंटे बाद ही शेखुपुर के जंगल में मुठभेड़ के बाद साजिद मारा गया था।

हत्याकांड के बाद क्षेत्र में तनाव इस कदर बढ़ गया था कि पुलिस के साथ पैरामिलिट्री को भी सड़कों पर उतारना पड़ा था। कमिश्नर सौम्या अग्रवाल, आईजी राकेश सिंह समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने भी बदायूं में डेरा डाल लिया था और घटना को लेकर लगातार निगरानी कर रहे थे। जनता से लगातार अपीलें की जाती रहीं कि वे माहौल शांत बनाये रखें और किसी तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं दें।

बुधवार को पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से घटना की वजहें जानने के लिये पूछताछ की थी। इस दौरान परिजनों और स्थानीय लोगों ने बताया था कि साजिद के साथ उसका भाई जावेद भी विनोद के घर पर आया था। आरोप है कि जिस वक्त साजिद विनोद के घर की छत पर वारदात को अंजाम दे रहा था, जावेद सड़क पर बाइक लिये उसका इंतजार कर रहा था।

आरोप है कि साजिद के दो बच्चों की हत्या करने के बाद जावेद ही उसे बाइक पर बिठाकर ले गया था। इसके बाद से पुलिस जावेद की गिरफ्तारी की कोशिशों में जुट गयी। एसओजी समेत पुलिस की चार से अधिक टीमों को आरोपी जावेद को पकड़ने में लगाया गया था, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था।

इधर, गुरुवार सुबह एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसमें कुछ लोग एक युवक से बातचीत करते नजर आ रहे हैं। इसमें युवक अपना नाम मोहम्मद जावेद निवासी बदायूं बताता है। वह कहता है कि बदायूं में दो बच्चों की हत्या करने वाला साजिद उसका बड़ा भाई था। जावेद बातचीत के दौरान दावा करता है कि वह सरेंडर करने के लिये बरेली आया है।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो बरेली के बारादरी थाना अंतर्गत सैटेलाइट चौराहे के पास का है। वीडियो में खुद को मोहम्मद जावेद बताने वाला युवक एक ऑटो में बैठा था। ऑटो में सवार दूसरे लोगों ने उसे पहचान लिया, जिसके बाद उसने खुद की पहचान बदायूं हत्याकांड के दूसरे आरोपी के तौर पर बतायी। वह लोगों से बरेली पुलिस के पास ले जाकर, सरेंडर करवाने की बात कह रहा था।

स्थानीय लोग उसे बारादरी पुलिस के पास ले गये, जिसके बाद बरेली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया गया। जानकारी के अनुसार बरेली पुलिस से मिली सूचना पर बदायूं पुलिस की भी एक टीम बरेली पहुंच गयी, जिसके बाद आरोपी जावेद को पुलिस टीम बदायूं ले गयी है। एसएसपी बदायूं आलोक प्रियदर्शी ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुये बताया कि जावेद को पकड़ लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

यूपी पुलिस ने घोषित किया था 25000 का इनाम

आरोप जावेद की गिरफ्तारी के लिये यूपी पुलिस की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिये पुलिस की चार से अधिक टीमें लगातार बदायूं, बरेली, मुरादाबाद, दिल्ली समेत अलग-अलग संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं।

जो किया, साजिद ने किया, मैंने कुछ नहीं किया

वायरल वीडियो में खुद को मोहम्मद जावेद बता रहा युवक दावा कर रहा है कि बदायूं में जो कुछ हुआ है, वह उसके बड़े भाई साजिद ने किया है। उसका कहना है कि उसने कुछ भी नहीं किया है।

जावेद बोला- विनोद के परिवार से थे अच्छे ताल्लुक

वायरल वीडियो में लोग जावेद से पूछते हैं कि साजिद ने ऐसा क्यों किया? इस पर जावेद जवाब दे रहा है कि- मुझे भी इसके बारे में कुछ पता नहीं है। उसका कहना है कि जिस घर में यह मर्डर हुआ है, वहां हमारे बहुत अच्छे ताल्लुकात थे। उसका कहना है कि मैं खुद यही सोच रहा हूं कि ऐसा क्यों हुआ।

बदायूं में पब्लिक थी, तो मैं दिल्ली चला गया

जावेद का दावा है कि उसे घटना के बारे में जानकारी नहीं थी। मालूम चलने पर वह बदायूं आया, लेकिन वहां पब्लिक बहुत थी, तो वह वहां से दिल्ली भाग गया। उसके अनुसार इस बीच उसे कई लोगों के फोन आये। इसके बाद वह दिल्ली से बरेली आया है।

जान बचाने को वायरल करवाया वीडियो!

मोहम्मद जावेद जिस तरह सरेंडर करने बरेली पहुंचा और लोगों से बातचीत की। उसका वीडियो देर रात ही वायरल हो गया था। माना जा रहा है कि साजिद को हत्याकांड के चंद घंटों बाद ही मुठभेड़ में मार गिराये जाने के बाद फरार जावेद को भी डर सताने लगा था। यही वजह है कि उसने पुलिस के पास पहुंचने से पहले ही ऐसी स्थितियां तैयार कीं, कि लोग खुद ही उसका वीडियो बनाकर वायरल कर दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *