Bageshwar By-election: बागेश्वर विधानसभा उपचुनाव में मतदाता आज (05 सितम्बर 2023) अपना नया विधायक चुनेंगे। चुनाव मैदान में कुल पांच उम्मीदवार उतरे हैं, हालांकि मुख्य मुकाबला भाजपा-कांग्रेस के बीच ही माना जा रहा है।

बागेश्वर उपचुनाव के लिये मंगलवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया। विधानसभा क्षेत्र में 1,18,225 सामान्य और 2,207 सर्विस मतदाता हैं। पुरुष मतदाताओं की कुल संख्या 60,045 है। वहीं, महिला मतदाताओं की संख्या 58,180 है।

मतदान के लिये विधानसभा क्षेत्र को तीन जोन में बांटकर कुल 172 मतदान केंद्र और 188 मतदेय स्थल बनाये गये हैं। 1444 जवान चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था सम्भाल रहे हैं, जबकि 834 कर्मचारियों पर चुनाव सम्पन्न करवाने की जिम्मेदारी है।

बागेश्वर उपचुनाव में कुल पांच उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। भाजपा ने यहां पूर्व मंत्री चंदन राम दास की पत्नी पार्वती दास को प्रत्याशी बनाया है। चंदन राम दास का निधन हो जाने के कारण ही यहां उपचुनाव हो रहा है।

कांग्रेस से बसन्त कुमार चुनावी रण में उतरे हैं। बसन्त 2022 के चुनाव में यहां आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार थे। उपचुनाव से कुछ दिन पहले 2022 के कांग्रेस प्रत्याशी रंजीत दास भाजपा में चले गये तो कांग्रेस ने बसन्त को पार्टी में शामिल कर उम्मीदवार घोषित किया।

इनके अलावा यहां समाजवादी पार्टी, उत्तराखंड क्रांति दल और उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी भी मैदान में हैं। समाजवादी पार्टी ने भगवती प्रसाद को प्रत्याशी बनाया है। यूकेडी से अर्जुन कुमार देव उम्मीदवार हैं। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के भगवत कोहली भी किस्मत आजमा रहे हैं।

 

पार्वती, बसन्त ने किया मतदान: भाजपा प्रत्याशी पार्वती दास और कांग्रेस प्रत्याशी बसन्त कुमार ने अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान किया। पार्वती अपने पुत्र गौरव दास और परिजनों संग पहुंचीं, वहीं बसन्त अपनी पत्नी के साथ विवेकानंद विद्या मंदिर मंडलसेरा में वोट डालने पहुंचे।

बारिश से सुबह मतदान धीमा: क्षेत्र में सुबह बारिश के बाद मौसम का मिजाज बदल गया। इससे सुबह सात बजे शुरू हुआ मतदान धीमा रहा। हालांकि, बारिश थमने का बाद नौ बजे से मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था।

31 लाख की जब्ती: बागेश्वर उपचुनाव के दौरान आचार संहिता लागू होने के बाद से सोमवार देर रात तक पुलिस-प्रशासन ने कुल 31 लाख 38 हजार की जब्ती की। इसमें 1,83,850 रुपये नकद और 11.5 किलो चांदी शामिल हैं। इनके अलावा 3350 लीटर शराब और करीब चार किलो चरस बरामद की गयी। इस दौरान 11 मुकदमे दर्ज किये गये।

बुजुर्गों ने किया पोस्टल बैलेट का उपयोग: उपचुनाव में कुल 2545 मतदाता ऐसे हैं, जिनकी आयु 80 वर्ष या इससे अधिक है। इनमें से 963 मतदाताओं ने पोस्टल बैलेट का इस्तेमाल किया। वहीं, 1355 दिव्यांग मतदाताओं में से 55 ने पोस्टल बैलेट के जरिये मतदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *