BJP Candidate Passes Away: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से भारतीय जनता पार्टी के लिये बुरी खबर आयी है। यहां भाजपा के सांसद प्रत्याशी कुंवर सर्वेश सिंह का अचानक निधन हो गया। एक दिन पहले ही मुरादाबाद संसदीय क्षेत्र में मतदान हुआ था। सिंह को दिल्ली एम्स ले जाया गया था। सिंह का पार्थिव शरीर मुरादाबाद लाया जा रहा है।

लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण के मतदान के लिये शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की भी आठ संसदीय सीटों पर मतदान हुआ था। इनमें मुरादाबाद संसदीय क्षेत्र भी शामिल है। मुरादाबाद से भारतीय जनता पार्टी ने कुंवर सर्वेश सिंह को मैदान में उतारा था।

बताया जा रहा है कि 72 वर्षीय कुंवर सर्वेश सिंह लंबे समय से गंभीर रोग के कारण बीमार चल रहे थे। इसी बीच लोकसभा चुनाव का ऐलान होने के बाद भाजपा ने उन्हें टिकट दिया था।

शुक्रवार को मुरादाबाद में मतदान हुआ था। इस दौरान कुंवर सर्वेश सिंह भी मतदान करने के लिये अपने मतदान केंद्र पर पहुंचे थे। बाद में उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मतदान के लिये जनता का आभार भी जताया था। लेकिन, मतदान के बाद तबीयत ज्यादा खराब होने के बाद उन्हें स्वास्थ्य जांच के लिये दिल्ली एम्स ले जाया गया। शनिवार शाम करीब सात बजे वहां सिंह का निधन हो गया।

ठाकुरद्वारा में आज किया जायेगा अंतिम संस्कार

जानकारी के अनुसार, कुंवर सर्वेश सिंह के पार्थिव शरीर को दिल्ली एम्स से मुरादाबाद लाया जा रहा हैै। ठाकुरद्वारा में रविवार को उनका अंतिम संस्कार किया जायेगा।

कुंवर सर्वेश सिंह के निधन से मुरादाबाद समेत उत्तर प्रदेश भाजपा में शोक की लहर है। पार्टी नेताओं के देर रात ही मुरादाबाद पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था।

पांच बार के विधायक रहे कुंवर सर्वेश सिंह

कुंवर सर्वेश सिंह मुरादाबाद जिले के ठाकुरद्वारा क्षेत्र के रहने वाले थे। ठाकुरद्वारा विधानसभा क्षेत्र से वह पहली बार 1991 में विधायक चुने गये थे। इसके बाद वह 1993, 1996 और फिर वर्ष 2002 में भी ठाकुरद्वारा के विधायक चुने गये।

2007 में वह बसपा प्रत्याशी से विधानसभा चुनाव हार गये थे। लेकिन, इसके बाद अगले विधानसभा चुनाव में वर्ष 2012 में उन्हें एक बार फिर ठाकुरद्वारा की जनता ने विधायक चुनकर उत्तर प्रदेश विधानसभा में भेजा था।

2009 से सांसदी के लिये भाजपा की पसंद रहे

मुरादाबाद लोकसभा सीट पर कुंवर सर्वेश सिंह पिछले चार चुनावों से भाजपा की पसंद बने रहे। वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें मैदान में उतारा था, लेकिन तब यहां से कांग्रेस के टिकट पर पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान मोहम्मद अजहरूद्दीन सांसद चुने गये।

2014 में कुंवर सर्वेश सिंह ने सपा के एसटी हसन को हराकर जीत हासिल की। हालांकि, 2019 में वह एसटी हसन से चुनाव हार गये। अब एक बार फिर भाजपा ने उन पर ही भरोसा जताया था।

स्वास्थ्य दिक्कतों के चलते प्रचार में भी नहीं उतरे थे

जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ समय से तबीयत अधिक बिगड़ने के कारण वह अधिक सक्रिय नजर नहीं आ रहे थे। उनका लंबे समय से दिल्ली एम्स में इलाज चल रहा था। नामांकन से पहले भी वह दिल्ली में ही थे।

पार्टी से टिकट के ऐलान के बाद वह नामांकन करवाने के लिये तो गये थे, लेकिन इसके बाद उनका स्वास्थ्य ज्यादा खराब होने लगा था। बताया जा रहा है कि इसके चलते वह चुनाव प्रचार में भी सक्रियता से भाग नहीं ले सके थे।

बढ़ापुर से विधायक हैं कुंवर सर्वेश सिंह के पुत्र

कुंवर सर्वेश सिंह के पुत्र कुंवर सुशांत सिंह उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले की बढ़ापुर विधानसभा से विधायक हैं। पिता के बीमार होने के कारण लोकसभा चुनाव के लिये चुनाव प्रचार की कमान उन्होंने ही संभाले रखी थी।

सीएम योगी आदित्यनाथ, भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने जताया शोक

कुंवर सर्वेश सिंह के निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने गहरा शोक जताया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि कुंवर सर्वेश सिंह का निधन भाजपा के लिये अपूरणीय क्षति है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सिंह ने लिखा, सिंह का असामयिक निधन पीड़ादायक है।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी दी श्रद्धांजलि

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी भाजपा प्रत्याशी कुंवर सर्वेश सिंह के निधन पर श्रद्धांजलि दी है। एक्स पर किये ट्वीट में अखिलेश ने लिखा है कि एक सहृदय राजनीतिज्ञ के रूप में कुंवर सर्वेश सिंह हमेशा याद रखे जायेंगे। उनका निधन एक दुखद समाचार है।

भाजपा चुनाव जीती, तो ही होगा उपचुनाव

भाजपा प्रत्याशी कुंवर सर्वेश सिंह का निधन होने के बाद मुरादाबाद में चुनाव को लेकर सवाल खड़े हो गये हैं। हालांकि, जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से बताया गया है कि प्रत्याशी के निधन का चुनाव पर अभी असर नहीं होगा।

जानकारी के अनुसार, पूर्वनिर्धारित प्रक्रिया के तहत तय तारीख पर मुरादाबाद की मतगणना होगी। अगर मतगणना के बाद कुंवर सर्वेश सिंह सांसद चुने जाते हैं, तभी मुरादाबाद सीट पर उपचुनाव करवाया जायेगा। अगर अन्य प्रत्याशी यह सीट जीतते हैं, तब मुरादाबाद में उपचुनाव नहीं होगा।

उत्तराखंड में कितना रहा मतदान प्रतिशत, जानिये

हरिद्वार में क्यों नाराज हुआ मतदाता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *