Delhi To Leh Bus Service 2024: अगर आप घूमने के शौकीन हैं, और लेह-लद्दाख आपकी विशलिस्ट में शामिल है, लेकिन महंगे पैकेज की वजह से, अब तक अपना यह सपना पूरा नहीं कर सके हैं। तो हिमाचल परिवहन निगम की बस सेवा, आपकी यह मुराद पूरी करने का जरिया बन सकती है। इस बस सेवा से, दिल्ली से लेह तक का 1026 किलोमीटर लंबा सफर, महज 1740 रुपये में पूरा होगा।

हिमाचल परिवहन निगम की दिल्ली-लेह बस सेवा, लंबे समय से संचालित हो रही है। हर साल, जून से सितंबर तक हिमाचल परिवहन निगम की ओर से, इस बस सेवा को चलाया जाता है। इस बार भी यह बस सेवा शुरू हो गयी है, लेकिन कुछ फेरबदल के साथ।

हिमाचल परिवहन निगम ने, अब इस बस सेवा के रूट और समय में कुछ बदलाव किया है। दिल्ली से यह बस पहले, दोपहर ढाई बजे रवाना होती थी, लेकिन अब इसकी रवानगी दोपहर 12ः15 बजे कर दी गयी है। इसके साथ ही, पहले बस केलांग में पूरी रात रुकती थी, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।

मंगलवार को, नयी समय सारिणी के अनुसार, इस बस सेवा का आरंभ कर दिया गया है। केलांग से लेह के लिये बस को सुबह साढ़े पांच बजे रवाना कर दिया गया। बस 357 किलोमीटर की दूरी तय कर, मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे लेह पहुंचेगी।

हालांकि, बस लेह से दिल्ली के लिये किस समय निकलने वाली है, यह अभी तय नहीं किया गया है। परिवहन निगम के अनुसार, केलांग-लेह यात्रा में लगने वाले समय के हिसाब से, दिल्ली की रवानगी का समय तय किया जायेगा। मंगलवार शाम तक हिमाचल परिवहन की ओर से, इसकी अपडेट जानकारी दी जायेगी।

यह होगा दिल्ली-लेह बस सेवा का रूट

हिमाचल परिवहन निगम की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, बस सेवा अब बिलासपुर नहीं जायेगी। यह बस दिल्ली से अंबाला, चंडीगढ़, कीरतपुर फोरलेन से होकर सुंदरपुर पहुंचेगी। यहां से बिलासपुर जाने के बजाय, बस फोरलेन हाईवे से होते हुये मण्डी, कुल्लू, मनाली, अटल टनल, केलांग, बारालाचा दर्रा, तंगलांगला दर्रा, लाचुंगदर्रा होते हुए लेह लद्दाख पहुंचेगी।

कितने बजे, किस स्थान पर पहुंचेगी यह बस

निगम के अनुसार, यह बस सेवा दिल्ली से दोपहर 12ः15 बजे निकलेगी। चंडीगढ़ सेक्टर 43 से शाम 06ः10 बजे बस रवाना होगी। सुंदरनगर में रात दस बजे बस पहुंचेगी, जबकि मनाली में रात दो बजे यह बस पहुंच जायेगी। सुबह पांच बजे, बस केलांग पहुंच जायेगी।

केलांग में बदल जायेगी बस और स्टाफ

परिवहन निगम की ओर से, पिछले साल तक संचालित बस सेवा में केलांग पहुंचकर यात्रियों को रातभर ठहरना होता था। लेकिन, अब केलांग में यात्री सुबह पांच बजे पहुंचेंगे। इसके बाद, यहां बस और स्टाफ बदल जायेगा। सुबह साढ़े पांच बजे, बस केलांग से लेह के लिये निकल जायेगी।

दो केंद्रशासित प्रदेशों, तीन राज्यों से गुजरेगी बस

हिमाचल परिवहन निगम की जानकारी के अनुसार, दिल्ली-लेह बस सेवा, दो केंद्रशासित प्रदेशों और तीन राज्यों से होकर गुजरेगी। मनाली से लेह के बीच, चार दर्रों को भी यह बस पार करती हुयी जायेगी। बस यात्रा के लिये कई स्टॉपेज भी तय किये गये हैं, जहां बस कुछ देर रूकेगी, जिससे यात्री प्राकृतिक नजारों का भरपूर लुत्फ उठा सकें।

तीन दिन पहले किया गया था ट्रायल

हिमाचल सड़क परिवहन निगम केलांग डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक उमेश शर्मा ने बताया, कि 2024 के लिये दिल्ली-लेह बस सेवा शुरू करने के लिये, तीन दिन पहले ट्रायल किया गया था। दो बसों को इस रूट पर भेजा गया था। रूट के संबंध में बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन से भी बातचीत की गयी। ट्रायल सफल होने के बाद, केलांग से मंगलवार को बस सेवा शुरू कर दी गयी है।

अधिक जानकारी के लिये यहां कर सकते हैं संपर्क

अगर आप, हिमाचल परिवहन निगम की दिल्ली-लेह बस सेवा के बारे में और जानकारी चाहते हैं, तो 01907-262252 पर कॉल कर सकते हैं। hrtchq@gmail.com पर मेल भी कर सकते हैं। यहां क्लिक करके, आप ऑनलाइन टिकट बुक करवा सकते हैं। वर्ष 2023 में दिल्ली-लेह बस सेवा के सफर के नजारे, आप नीचे वीडियो में देख सकते हैं।

राष्ट्रपति भवन में शपथग्रहण के दौरान टहल रहा था तेंदुआ!

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *