Kejriwal Arrest: दिल्ली शराब नीति मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद भारतीय जनता पार्टी केजरीवाल पर हमलावर हो गयी है। आम आदमी पार्टी के ईडी की कार्रवाई को केंद्र सरकार की तानाशाही करार देने के जवाब में भाजपा दिल्ली ने चोर मचाये शोर पोस्टर जारी किया है। दिल्ली भाजपा के नेता लगातार केजरीवाल के पुराने ट्वीट्स और भाषणों के क्लिप्स भी ट्वीट कर रहे हैं।

दिल्ली शराब घोटाले के मामले में प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी की 12 सदस्यीय टीम ने गुरुवार शाम सीएम केजरीवाल के घर पहुंचकर दो घंटे तक पूछताछ की थी। इसके बाद रात को उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था। इस दौरान सीएम आवास के बाहर आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई का विरोध करते हुये हंगामा भी किया था। सुरक्षाबलों, पुलिस ने कई विधायकों, कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया था।

केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद से ही आम आदमी पार्टी इस कार्रवाई को भारतीय जनता पार्टी की साजिश और केंद्र सरकार के इशारे पर की गयी तानाशाही करार दे रही है। आप नेताओं का कहना है कि जनता सब देख रही है कि किस तरह केजरीवाल को लोकसभा चुनाव से ऐन पहले गिरफ्तार किया गया है। यह आम आदमी पार्टी को चुनाव में जाने से रोकने का षड्यंत्र है। पार्टी ने शुक्रवार को भाजपा कार्यालय पर प्रदर्शन का भी ऐलान किया है।

दूसरी ओर, केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली भाजपा ने भी आम आदमी पार्टी और केजरीवाल पर हमले तेज कर दिये हैं। आप के प्रदर्शन के ऐलान के जवाब में भाजपा ने चोर मचाये शोर पोस्टर जारी किया है। निवर्तमान सांसद और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा है कि आप के आरोप सरासर गलत हैं। उन्होंने कहा कि जिसने भी भ्रष्टाचार किया है, वह जेल जरूर जायेगा।

‘कांग्रेस नेता अजय माकन का वीडियो भी वायरल’

शराब घोटाले के मामले में केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद भले ही कांग्रेस अब उनके साथ नजर आ रही हो, लेकिन कुछ समय पहले तक कांग्रेस खुद भी इस मसले को जोर-शोर से उठाती रही थी। अब कांग्रेस नेता अजय माकन का उस वक्त का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें वह आरोप लगा रहे हैं कि शराब नीति लागू कर आम आदमी पार्टी ने सौ करोड़ की रिश्वत ली।

‘केजरीवाल ने पूछा था- इस देश में लोग जेल कब जायेंगे?’

11 साल पहले, 10 मई 2013 को अरविंद केजरीवाल ने एक्स (तब ट्विटर) पर किये एक ट्वीट में पूछा था कि आखिर इस देश में लोगों के जेल जाने का सिलसिला कब शुरू होगा? यह वह दौर था जब केजरीवाल भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारी नेताओं पर लगातार हमले करते थे। इस ट्वीट पर रिप्लाई करते हुये सत्येंद्र जैन ने लिखा था- भ्रष्टाचारी तब जेल जाने लगेंगे, जब आप सत्ता में आयेगी।

‘अरविंद केजरीवाल ने गंदा काम किया है’

डॉ. हर्षवर्धन ने यह ट्वीट करते हुये लिखा है- आज नियति का न्याय देखिये कि दोनों ही भ्रष्टाचारी (उनका इशारा केजरीवाल और जैन की ओर है) आज जेल में हैं। सबसे बड़ा भ्रष्टाचार होता है लोगों के विश्वास को लूटना और अरविंद केजरीवाल ने वही गंदा काम किया है। बता दें कि सत्येंद्र जैन को करीब 23 महीने जेल में काटने पड़े हैं। बीच में उन्हें कुछ समय के लिये जमानत मिली थी, लेकिन अब वह फिर जेल में हैं। वहीं, अब केजरीवाल गिरफ्तार किये गये हैं।

‘इंडिया अगेन्स्ट करप्शन के कार्यकर्ताओं में खुशी’

दिल्ली भाजपा उपाध्यक्ष और कभी केजरीवाल के सहयोगी, विधायक रहे कपिल मिश्रा का कहना है कि दिल्ली को भ्रष्टाचार, झूठ और तमाशे से मुक्ति मिलेगी। उनका कहना है कि केजरीवाल और आम आदमी पार्टी ने अन्ना हजारे, इंडिया अगेन्स्ट करप्शन के हजारों-लाखों कार्यकर्ताओं, दिल्ली की जनता के साथ धोखा किया। शराब नीति ने दिल्ली की महिलाओं को दर्द दिया। आज दिल्ली वालों के लिये खुशी का दिन है। लोग एक दूसरे को बधाई दे रहे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *