AAP Leaders Detained: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी (Arvind Kejriwal Arrested) के बाद दिल्ली में उबाल है। भाजपा की ओर से आम आदमी पार्टी और केजरीवाल पर हमले किये जा रहे हैं, वहीं आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता और नेता सड़कों पर हैं। भाजपा कार्यालय पर प्रदर्शन के ऐलान के बाद बड़ी संख्या में आप कार्यकर्ता निकले, लेकिन सुरक्षाबलों ने उन्हें रोक लिया। दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी मारलेना और सौरभ भारद्वाज समेत कई नेता हिरासत में ले लिये गये हैं।

दिल्ली शराब घोटाला (Delhi Liquor Scam) मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गुरुवार को गिरफ्तार किये गये थे। इसके बाद आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को भाजपा कार्यालय पर प्रदर्शन का ऐलान किया था। इसके मद्देनजर शुक्रवार सुबह से ही भाजपा कार्यालय, ईडी दफ्तर, मुख्यमंत्री आवास, राउज एवेन्यू कोर्ट समेत प्रमुख स्थानों पर भारी सुरक्षाबल की तैनाती कर दी गयी थी।

दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय ने ईडी दफ्तर पहुंचकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात करने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें लौटा दिया गया। इसके बाद वह सीएम आवास में केजरीवाल के परिवार से मिलने पहुंच गये, लेकिन वहां भी वह भीतर नहीं जा सके। गोपाल राय ने इस तरह उन्हें रोके जाने को देश में अघोषित आपातकाल करार दिया। उन्होंने कहा कि परिवार से भी किसी को नहीं मिलने देना, बड़ी साजिश है।

दूसरी ओर, मंत्री आतिशी मारलेना, सौरभ भारद्वाज समेत आप विधायक, कार्यकर्ता आईटीओ पर पहुंचे और प्रदर्शन करने लगे। पुलिस और सुरक्षाबलों के रोकने पर आप कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया, जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। हिरासत में लिये जाने पर मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि केंद्र सरकार के इशारे पर तानाशाही की जा रही है। उन्होंने पूरे घटनाक्रम को भाजपा की गुंडागर्दी करार दिया।

वहीं, मंत्री आतिशी मारलेना ने एक्स पर ट्वीट कर खुद को हिरासत में लिये जाने की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री को झूठे केस में गिरफ्तार किया गया। अब शांतिपूर्ण तरीके से आईटीओ के पास प्रदर्शन कर रहे लोगों को गिरफ्तार किया जा रहा है। उन्होंने पूछा कि यह लोकतंत्र की हत्या नहीं तो क्या है?

आरोपः परिवार को हाउस अरेस्ट किया गया

आम आदमी पार्टी नेताओं का आरोप है कि केंद्र सरकार के इशारे पर अरविंद केजरीवाल को तो गिरफ्तार किया ही गया है, लेकिन उनके परिवार को भी हाउस अरेस्ट किया गया है। आरोप है कि किसी को भी उनसे मिलने के लिये नहीं जाने दिया जा रहा है। परिवार को किसी से बातचीत भी नहीं करने दी जा रही है।

‘केजरीवाल की माता का स्वास्थ्य खराब’

दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज का कहना है कि मुख्यमंत्री केजरीवाल को जिस तरह गिरफ्तार किया गया है, वह अमानवीयता है। कहा कि ब्रिटिश शासनकाल में अंग्रेज भी मानवीय मूल्यों का ध्यान रखा जाता था। भारद्वाज का कहना है कि केजरीवाल के माता-पिता बुजुर्ग हैं। उनकी माता एक दिन पहले ही अस्पताल से घर लौटी हैं, लेकिन केंद्र सरकार के इशारे पर एक बेटे को साजिश के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।

केजरीवाल की सुरक्षा व्यवस्था की चिंता

शुक्रवार सुबह दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी मारलेना ने एक प्रेस कांफ्रेंस में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाये थे। उनका कहना था कि केजरीवाल को जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त है। लेकिन, उन्हें अब ईडी की कस्टडी में रखा गया है। ऐसे में आम आदमी पार्टी के हर कार्यकर्ता को उनकी सुरक्षा की चिंता है।

इतिहास में पहली बार किसी मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी

आतिशी ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि देश के इतिहास में पहली बार किसी सिटिंग मुख्यमंत्री को गिरफ्तार किया गया। इससे पहले हेमंत सोरेन गिरफ्तार हुये थे, लेकिन वह गिरफ्तारी से पहले इस्तीफा दे चुके थे। कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले केजरीवाल की गिरफ्तारी एक ऐसे मामले में की गयी है, जिसमें अब तक कोई सबूत तक सामने नहीं रखा जा सका है। यह साफ करता है कि केजरीवाल से भाजपा घबरा गयी है।

बंद किये गये हैं मेट्रो के कुछ स्टेशन

आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के ऐलान के मद्देनजर शुक्रवार सुबह से ही दिल्ली में कुछ मेट्रो स्टेशन बंद किये गये हैं। इनमें आईटीओ स्टेशन प्रमुख है। आईटीओ स्टेशन के पास ही भाजपा कार्यालय है। ऐसे में एहतियातन कदम उठाये गये हैं। दूसरी ओर, भारी नाकेबंदी, आप के प्रदर्शन के चलते दिल्ली की सड़कों पर कई जगह लगातार जाम बना हुआ है।

भाजपा ने जारी किया पोस्टर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *