Loksabha elections 2024: भारतीय जनता पार्टी ने 195 उम्मीदवारों की पहली सूची में दिल्ली से पार्टी की पूर्व वरिष्ठ नेत्री सुषमा स्वराज की बेटी को मौका दिया है। बांसुरी स्वराज को पार्टी ने नई दिल्ली सीट से चुनाव मैदान में उतारकर, उन्हें संसद तक पहुंचने का अवसर दे दिया है।

भाजपा ने शनिवार को 18 राज्यों के लिये अपने 195 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। दिल्ली की सात में से पांच सीटों पर पार्टी ने अपने प्रत्याशी घोषित किये हैं। खास बात यह है कि इन पांच में से चार सीटों पर मौजूदा सांसदों के टिकट काट दिए गए हैं। इनमें नई दिल्ली से मीनाक्षी लेखी, चांदनी चौक से हर्षवर्द्धन, दक्षिण दिल्ली से रमेश बिधूड़ी और पश्चिमी दिल्ली से प्रवेश वर्मा शामिल हैं।

दिल्ली में इनके टिकट कटे

इनमें रमेश बिधूड़ी, कुछ समय पहले सत्र के दौरान बसपा सांसद दानिश अली पर टिप्पणी करने के कारण चर्चाओं में आ गये थे। बाकी अन्य का टिकट कटने की वजह पार्टी की अंदरूनी सर्वे रिपोर्ट बताई जा रही है, जिसमें इन सभी मौजूदा सांसदों पर दांव चलने को पार्टी के लिये नुकसान पहुंचाने वाला माना गया।

शनिवार को दिल्ली के लिये जिन पांच उम्मीदवारों के नामों की घोषणा पार्टी ने की है, उनमें एकमात्र मनोज तिवारी ही अपना टिकट बचाने में कामयाब रहे। तिवारी 2014 से ही उत्तर पूर्वी दिल्ली का प्ररिनिधित्व संसद में कर रहे हैं। इसके अलावा वह 2016 से 2020 तक दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी सम्भाल चुके हैं। भाजपा ने एक बार फिर उन्हें उत्तर पूर्वी दिल्ली से उम्मीदवार बनाया है।

पार्टी ने चांदनी चौक से हर्षवर्द्धन की जगह प्रवीण खंडेलवाल, पश्चिमी दिल्ली से प्रवेश वर्मा की जगह कमलजीत सहरावत, दक्षिणी दिल्ली से रमेश बिधूड़ी की जगह रामवीर सिंह बिधूड़ी को प्रत्याशी घोषित किया है। ये सभी उम्मीदवार नए हैं, लेकिन इनमें चौथा नाम बांसुरी स्वराज का है, जिन्हें मीनाक्षी लेखी के स्थान पर नई दिल्ली से मैदान में उतारा गया है।

बांसुरी, भाजपा की वरिष्ठ नेत्री और पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की बेटी हैं। सुषमा स्वराज दिल्ली की मुख्यमंत्री रहने के अलावा, 2009 में लोकसभा में नेता विपक्ष भी रहीं। अटल बिहारी वाजपेयी के प्रधानमंत्रित्व काल में उन्होंने सूचना प्रसारण मंत्रालय, संसदीय कार्य मंत्रालय और स्वास्थ्य मंत्रालय जैसे विभागों को सम्भाला। 2014 में पीएम नरेंद्र मोदी की सरकार में उन्हें विदेश मंत्री की जिम्मेदारी दी गयी। इसके साथ ही सुषमा स्वराज भारत की पहली महिला विदेश मंत्री बनीं।

06 अगस्त 2019 को सुषमा स्वराज का निधन हो गया था।  1982 में जन्मी सुषमा की इकलौती बेटी बांसुरी पेशे से अधिवक्ता हैं और सुप्रीम कोर्ट में प्रैक्टिस करती हैं। वर्तमान में वह दिल्ली भाजपा विधि प्रकोष्ठ की सह संयोजक के तौर पर पार्टी से मिली जिम्मेदारी निभा रही हैं। अब नई दिल्ली सीट से भाजपा ने उन्हें प्रत्याशी घोषित किया है। बांसुरी ने इसके लिये पार्टी का आभार जताया है।

2014 से भाजपा का दिल्ली पर कब्जा

दिल्ली में 2014 से ही सभी सात लोकसभा सीटों पर भाजपा का कब्जा बना हुआ है। 2014 और 2019, दोनों ही चुनावों में भाजपा ने यहां सातों लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज की। इन दोनों ही चुनावों में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने अलग-अलग प्रत्याशी उतारे थे। लेकिन, इस बार दोनों दलों में समझौता हो चुका है। ऐसे में भाजपा के लिये इस बार चुनौती भी बढ़ गयी है।

पूर्वी दिल्ली और उत्तर पश्चिमी दिल्ली पर अभी इंतजार

भाजपा ने दिल्ली की सात में से दो सीटों पूर्वी दिल्ली और उत्तर पश्चिमी दिल्ली पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा तय नहीं की है। पूर्वी दिल्ली से गौतम गम्भीर, जबकि उत्तर पश्चिमी दिल्ली से हंसराज सांसद हैं। सांसद गौतम गम्भीर ने इस बार चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया है। ऐसे में भाजपा यहां अब उनका विकल्प तलाश रही है। वहीं, हंसराज के नाम पर भी अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *