Election Results: देश की 18वीं लोकसभा के लिये, सात चरणों में संपन्न हुये चुनाव के नतीजे, आने लगे हैं। आरंभिक रूझानों में, एनडीए और इंडी गठबंधन के बीच, कड़ा मुकाबला नजर आ रहा है। वहीं, भाजपा उत्तराखंड समेत, हिमाचल, मध्य प्रदेश में क्लीन स्वीप करने की ओर बढ़ रही है।

लोकसभा चुनाव 2024, के लिये पहले चरण का मतदान, 19 अप्रैल को हुआ था। सातवें और अंतिम चरण का मतदान, एक जून को संपन्न हुआ। 543 संसदीय सीटों के लिये, मतगणना मंगलवार सुबह आठ बजे से आरंभ हुयी। अब तक जारी मतगणना में एनडीए और इंडी गठबंधन के बीच, कई सीटों पर टक्कर नजर आ रही है।

लेकिन, कुछ राज्य ऐसे भी हैं, जहां भारतीय जनता पार्टी, क्लीन स्वीप करती दिख रही है। इनमें उत्तराखंड के साथ, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश और देश की राजधानी दिल्ली शामिल हैं। उत्तराखंड और दिल्ली में तो, भाजपा लगातार तीसरी बार, सभी सीटें जीतने की ओर बढ़ रही है।

https://x.com/pushkardhami/status/1797637633310687353?t=-gLUxg0N7iV0fMw5cu3xUw&s=19

चुनाव आयोग की ओर से, दोपहर दो बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार, इन चारों राज्यों की कुल 45 संसदीय सीटों पर, भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी, निर्णायक बढ़त हासिल कर चुके हैं। इनमें उत्तराखंड की पांच, हिमाचल प्रदेश की चार, दिल्ली की सात और मध्य प्रदेश की 29 संसदीय सीटें शामिल हैं।

गढ़वाल संसदीय सीट पर भाजपा के अनिल बलूनी एक लाख 27 हजार 209 वोट से आगे चल रहे हैं। उन्हें अब तक तीन लाख 37 हजार 747 वोट मिल चुके हैं। बलूनी के निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के गणेश गोदियाल को दो बजे तक, दो लाख 10 हजार 538 वोट प्राप्त हुये हैं।

अल्मोड़ा में भाजपा उम्मीदवार अजय टम्टा को दोपहर दो बजे तक, तीन लाख 61 हजार 393 वोट मिले हैं। कांग्रेस के प्रदीप टम्टा को एक लाख 58 हजार 122 वोट प्राप्त हुये हैं, इस तरह अजय टम्टा दो लाख 3721 वोटों से आगे बने हुये हैं।

हरिद्वार में पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, 91 हजार 151 वोट की लीड ले चुके हैं। उन्हें दो बजे तक चार लाख 36 हजार 216 वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस के वीरेंद्र रावत को तीन लाख 45 हजार 55 वोट प्राप्त हुये हैं। यहां विधायक और निर्दलीय प्रत्याशी उमेश कुमार 59 हजार 579 वोट के साथ तीसरे नंबर पर हैं।

नैनीताल ऊधमसिंह नगर सीट पर केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट, सात लाख 6358 वोट पा चुके हैं। दो बजे तक, उनके वोटों का अंतर, निकटतम प्रतिद्वंद्वी से तीन लाख 16 हजार 218 पहुुंच गया है। कांग्रेस के प्रकाश जोशी को अब तक तीन लाख 90 हजार 110 वोट प्राप्त हुये हैं।

उधर, टिहरी सीट पर माला राज्यलक्ष्मी शाह लगातार तीसरी बार सांसद बनने जा रही हैं। निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के जोत सिंह गुनसोला से उनके मतों का अंतर, दो लाख 3796 पहुंच गया है। माला राज्यलक्ष्मी शाह को अब तक तीन लाख 44 हजार 412, जबकि गुनसोला को एक लाख 40 हजार 616 वोट प्राप्त हुये हैं।

टिहरी सीट पर निर्दलीय बॉबी पंवार का शानदार प्रदर्शन

टिहरी संसदीय सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार बॉबी पंवार, बेहतरीन प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं। सुबह गिनती शुरू होने के बाद, काफी देर तक बॉबी पंवार दूसरे नंबर पर बने हुये थे। हालांकि, बाद में वह एक पायदान नीचे खिसक गये। दोपहर दो बजे तक, बॉबी को एक लाख 26 हजार 677 वोट प्राप्त हो चुके थे।

उत्तराखंड में किस सीट पर कितने नोटा

गढ़वाल लोकसभा सीट पर दोपहर दो बजे तक नोटा को 8890 वोट गिने जा चुके हैं। अल्मोड़ा सीट पर 14322 वोट नोटा को गये हैं। हरिद्वार संसदीय सीट पर 4634 मतदाताओं ने नोटा दबाया है। नैनीताल ऊधमसिंह नगर में नोटा की संख्या 9493 रही है। टिहरी में दो बजे तक नोटा की संख्या 5585 रही।

हिमाचल में लगातार दूसरी बार चारों सीटों पर कब्जा पक्का

हिमाचल प्रदेश में, भारतीय जनता पार्टी, लगातार दूसरी बार लोकसभा की चारों सीटों पर, जीत दर्ज करने जा रही है। हमीरपुर में केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर, कांग्रेस के सतपाल रायजादा पर एक लाख 75 हजार 457 वोट की बढ़त ले चुके हैं।

हिमाचल की चर्चित मंडी लोकसभा सीट पर, बॉलीवुड से राजनीति में आयी, कंगना रणौत अपने पहले चुनाव में जीत दर्ज करती दिख रही हैं। उन्होंने दोपहर दो बजे तक, कांग्रेस के विक्रमादित्य सिंह पर, 72 हजार से अधिक की बढ़त हासिल कर ली है।

https://x.com/ianuragthakur/status/1797911736168964243?t=Qq7PAas4IsPR6MGikYSmhQ&s=19

शिमला संसदीय सीट पर भाजपा के सुरेश कुमार कश्यप ने 89 हजार 714 वोट की लीड हासिल कर ली है। सुरेश कुमार कश्यप को दोपहर दो बजे तक पांच लाख 11 हजार 572 वोट प्राप्त हुये हैं। कांग्रेस के उम्मीदवार विनोद सुल्तानपुरी को अब तक चार लाख 21 हजार 858 वोट हासिल हुये हैं।

वहीं, कांगड़ा सीट पर कांग्रेस के दिग्गज नेता आनंद शर्मा एक बार फिर हार की ओर जा रहे हैं। उन्हें तीन लाख 72 हजार 508 वोट मिले हैं, जबकि भाजपा के डॉ. राजीव भारद्वाज उनसे दो लाख 47 हजार 103 वोट से आगे चल रहे हैं। डॉ. भारद्वाज को छह लाख 19 हजार 611 वोट प्राप्त हो चुके हैं।

https://x.com/KanganaTeam/status/1797866792813310435?t=IZdpv5ixI4UWrudhWcrWxA&s=19

दिल्ली तीसरी बार, कमल खिलाने को तैयार

दिल्ली में सातों संसदीय सीटों पर, भारतीय जनता पार्टी लगातार तीसरी बार, कमल खिलाने की तैयारी में है। यहां पार्टी उम्मीदवार मनोज तिवारी, बांसुरी स्वराज, योगेंद्र चंदोलिया, रामवीर सिंह बिधूड़ी, प्रवीण खंडेलवाल, हर्ष मल्होत्रा और कमलजीत सहरावत निर्णायक बढ़त हासिल कर चुके हैं। खास बात यह है, कि दिल्ली में एक बार फिर मतदाताओं ने, केंद्र में सरकार बनाने के लिये, भाजपा पर ही भरोसा जताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *