Terrorist Attack: जम्मू कश्मीर से बड़ी खबर आ रही है। यहां पुंछ इलाके में, वायुसेना के काफिले पर आतंकी हमले की सूचना है। आतंकी हमले में एक जवान बलिदान हो गया, जबकि चार अन्य की हालत गंभीर बनी हुयी है। वाहनों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। वहीं, सेना ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम पुंछ के सुरनकोट शाहसितार इलाके से भारतीय वायुसेना के जवानों को लेकर वाहनों का काफिला गुजर रहा था। इसी बीच आतंकियों ने वाहनों पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आतंकियों ने वाहनों पर गोलियां बरसा दीं।

आतंकी हमले में पांच जवान गंभीर रूप से घायल हो गये। सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां उपचार के दौरान एक जवान की सांसें थम गयीं। चार घायल जवानों का अस्पताल में इलाज जारी है।

काफिले पर हमले की जानकारी पर राष्ट्रीय राइफल्स की टुकड़ी मौके पर पहुंच गयी है। वायुसेना के वाहनों को नजदीकी एयरबेस पर सुरक्षित पहुंचा दिया गया है। घायल जवानों का उपचार जारी है। दूसरी ओर, सुरनकोट में आतंकियों की तलाश में राष्ट्रीय राइफल्स ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। 

जवानों ने एक आतंकवादी को घेरा

जानकारी के अनुसार, सर्च ऑपरेशन के दौरान सेना के जवानों को एक आतंकी के छिपे होने की जानकारी मिली। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार जवानों ने इस आतंकी को घेर लिया है। दोनों ओर से गोलीबारी जारी होने की भी सूचना है। सेना की ओर से इस पूरे घटनाक्रम पर आधिकारिक जानकारी का अभी इंतजार है।

पुंछ में दो संदिग्धों की मौजूदगी पर चला अभियान

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पुंछ क्षेत्र में दो संदिग्ध लोगों की मौजूदगी की सूचना है। शुक्रवार शाम यह इनपुट मिलने के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस की टुकड़ी ने पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान भी चलाया। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हो सका है कि तलाशे जा रहे संदिग्धों का शनिवार को वायुसेना काफिले पर हुये हमले से कोई लिंक है या नहीं।

अनन्तनाग में वाहन खाई में गिरने से नौ जवान घायल

एक अन्य घटना में सेना का वाहन खाई में गिर गया। हादसे में नौ जवानों के घायल होने की सूचना है। बताया जा रहा है कि यह वाहन जवानों को लेकर अनंतनाग के बेरीनाग क्षेत्र में जा रहा था। इस दुर्घटना में एक जवान की मौत की भी सूचना है। घायल जवानों का उपचार चल रहा है। ये सभी जवान 19 राष्ट्रीय राइफल्स के हैं।

कांग्रेस और राहुल गांधी ने बलिदानी जवान को दी श्रद्धांजलि

पुंछ में भारतीय वायुसेना के जवानों पर आतंकी हमले पर कांग्रेस और राहुल गांधी ने दुःख जताया है। राहुल ने एक्स पर लिखा- जम्मू कश्मीर के पुंछ में हमारी सेना के काफिले पर कायराना और दुस्साहसी आतंकी हमला बहुत ही शर्मनाक है, दुखद है। शहीद जवान को मैं अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और उनके शोकसंतप्त परिजनों को संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। हमले में घायल जवानों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं।

वहीं, कांग्रेस के आधिकारिक हैंडल पर भी ट्वीट किया गया है। इसमें लिखा है- जम्मू-कश्मीर के पुंछ में सेना के वाहन पर कायराना हमला शर्मनाक और दुःखद है। कांग्रेस परिवार शोकसंतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता है। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और घायल जवानों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

महाराष्ट्र में सेना के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग

शनिवार को ही महाराष्ट्र के सांगली में भारतीय सेना के एक हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। सेना का यह एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर (एएलएच) ध्रुव था। सांगली के एक गांव में लैंडिंग के बाद, इसे देखने के लिये लोगों की भीड़ जुट गयी।

सूचना पर सैन्य अधिकारी और स्थानीय पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंच गया था। हालांकि, कुछ देर बाद पायलट ने दोबारा उड़ान भरी और नासिक सैन्य बेस की ओर चला गया। लैंडिंग की वजह साफ नहीं हो सकी है।

कांग्रेस के पूर्व दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष भाजपा में शामिल

स्कूल में शिक्षिकाओं की लड़ाई, लोग बोले- बच्चों को क्या सिखायेंगी

मसूरी में पांच कॉलेज छात्रों की हादसे में गयी जान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *