Badrinath Dham: चमोली जिले में अवस्थित भू-वैकुंठ श्रीबदरीनाथ धाम के कपाट, श्रद्धालुओं के दर्शन के लिये खुल गये हैं। रविवार को वैदिक मंत्रोच्चारण संग विधि-विधानपूर्वक पूजा अर्चना के बाद, धाम के कपाट खोले गये। इसके साथ ही, राज्य में चारों धामों के कपाट खुल गये हैं।

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा 2024 (Chardham Yatra 2024) का आरंभ, 10 मई को श्रीकेदारनाथ, श्रीगंगोत्री, श्रीयमुनोत्री धामों के कपाट खुलने के साथ हो गया है। रविवार को पूर्वनिर्धारित मुहूर्त पर प्रातः छह बजे, भगवान श्रीबद्रीविशाल के जयकारों और सेना बैंड की धुनों के बीच, श्रीबदरीनाथ धाम के भी कपाट खोल दिये गये।

इससे पूर्व, मंदिर के मुख्य रावलजी, धर्माधिकारी एवं वेदपाठियों ने गर्भगृह से माता लक्ष्मीजी की मूर्ति को निकालकर, मंदिर की परिक्रमा करवायी। इसके बाद उन्हें लक्ष्मी मंदिर में विराजित किया गया। वहीं, कुबेरजी और उद्धवजी को धाम के गर्भगृह में विराजमान किया गया।

गर्भगृह में भगवान की चतुर्भुज मूर्ति को घृतकंबल से अलग किया गया। इसके बाद उनका अभिषेक व शृंगार करने के बाद, विधिपूर्वक पूजन-अर्चन किया गया। इसके पश्चात, धाम के कपाट आम श्रद्धालुओं के दर्शन के लिये खोल दिये गये।

छह माह मनुष्य, छह माह देवता करते हैं पूजन

श्रीबदरीनाथ धाम से जुड़ी मान्यता के अनुसार, ग्रीष्मकाल में कपाट खुलने के बाद, छह माह तक मनुष्य धाम में भगवान विष्णु का पूजन करते हैं। कपाट बंद होने के बाद, शीतकाल में छह माह तक, देवता उनका पूजन करते हैं। मान्यता है कि, शीतकाल में धाम के मुख्य पुजारी देवर्षि नारद रहते हैं।

परिक्रमा मार्ग के मंदिर भी दर्शन के लिये खुले

श्रीबदरीनाथ धाम के परिक्रमा मार्ग पर भगवान गणेश मंदिर, घंटाकर्ण मंदिर, आदि केदारेश्वर मंदिर, माता मूर्ति मंदिर एवं आदिगुरु शंकराचार्य मंदिर भी हैं। रविवार को श्रीबदरीनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही, इन सभी मंदिरों के भी कपाट दर्शनार्थ खोल दिये गये हैं।

जिला प्रशासन की अपील: आज यमुनोत्री आने से बचें यात्री

श्रीयमुनोत्री धाम में बीते दो दिनों में, बड़ी संख्या में यात्रियों ने दर्शन किये हैं। रविवार को धाम में दर्शन के लिये, शनिवार देर शाम तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु यमुनोत्री पहुंच गये थे। क्षमता से अधिक यात्रियों के आने के कारण, उत्तरकाशी जिला प्रशासन और पुलिस ने, यात्रियों से रविवार को यमुनोत्री धाम की यात्रा स्थगित करने की अपील की है।

दो दिन में 20 हजार से ज्यादा यात्री पहुंचे यमुनोत्री

श्रीगंगोत्री धाम और श्री यमुनोत्री धाम के कपाट, 10 मई को खुल गये थे। 10 और 11 मई को, दो दिन में 20 हजार से अधिक यात्री, यमुनोत्री धाम के दर्शन करने पहुंच चुके हैं।

उत्तरकाशी जिला प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, पहले दिन 12193 श्रद्धालु, श्री यमुनोत्री धाम के दर्शन करने के लिये पहुंचे थे। इनमें 6179 पुरुष, 5797 महिलाएं और 217 बच्चे शामिल रहे।

11 मई को, 8009 यात्री यमुनोत्री धाम पहुंचे। इनमें 3993 पुरुष यात्री रहे, जबकि 3800 महिलाएं और 216 बच्चे रहे। रविवार के दर्शन के लिये, शनिवार शाम तक भी बड़ी संख्या में यात्री यमुनोत्री धाम पहुंच गये हैं।

गंगोत्री में 10 हजार श्रद्धालु कर चुके दर्शन

गंगोत्री धाम में पहले दिन 2203 यात्रियों ने दर्शन किये। इनमें 1293 पुरुष, 809 महिलाएं और 101 बच्चे रहे। पहले दिन, तीन हजार से अधिक स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी धाम के कपाट खुलने पर दर्शन किये।

वहीं, 11 मई को 5203 श्रद्धालु गंगोत्री धाम पहुंचे। इनमें 3082 पुरुष यात्री, 2001 महिलाएं और 120 बच्चे इनमें शामिल रहे। गंगोत्री से गौमुख के लिये, अब तक 219 यात्री रवाना हुये हैं। इनमें 16 विदेशी यात्री भी शामिल हैं।

लंगासू में, श्रीबद्रीनाथ धाम जा रहा वाहन पलटा

चमोली जिले के लंगासू में श्रद्धालुओं को लेकर श्रीबद्रीनाथ धाम जा रही मैक्स पलट गयी। इस वाहन के पीछे ही, धाम में ड्यूटी के लिये जा रही एसडीआरएफ (SDRF) टीम का वाहन भी चल रहा था।

हादसा होते ही, दरोगा रजनीश जुगरान, एएसआई जयदेव राणा, एएसआई मनोज कुमार और चालक मनोज सती ने तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया। वाहन में फंसे सभी घायलों को स्थानीय लोगांे की मदद से निकाल लिया गया। वहीं, गाड़ी को भी सड़क से किनारे हटाकर यातायात सुचारू करवाया गया।

पहले 15 दिन धामों में नहीं होंगे वीआईपी दर्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *