Yogi Adityanath Mother: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की एक टीम, उनकी देखभाल कर रही है। हालांकि, अस्पताल प्रशासन ने जानकारी दी है, कि यूपी सीएम की माता रूटीन चेकअप के लिये ऋषिकेश आयी हैं।

जानकारी के अनुसार, योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी 85 वर्ष, को मंगलवार दोपहर एम्स लाया गया था। यहां उन्हें चेकअप के बाद, जीरियाट्रिक वार्ड में भर्ती किया गया है। एम्स प्रशासन का कहना है कि वृद्धावस्था में होने वाली दिक्कतों के चलते उन्हें रूटीन चेकअप के लिए भर्ती किया गया है।

एम्स प्रशासन की ओर से जारी की गयी जानकारी के अनुसार, अधिक उम्र के चलते होने वाली समस्याओं का रूटीन चेकअप होना है। इसी को लेकर सावित्री देवी यहां पहुंची हैं। अस्पताल में डॉक्टरों की एक टीम, उनकी सभी जांचें कर रही है।

दो साल पहले हुयी थी योगी से मुलाकात

जानकारी के अनुसार, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपनी मां सावित्री देवी से दो साल पहले मुलाकात हुयी थी। तब वर्ष 2022 में योगी आदित्यनाथ तीन से पांच मई तक अपने पैतृक गांव यमकेश्वर ब्लॉक के पंचूर पहुंचे थे। गांव में योगी आदित्यनाथ के छोटे भाई, महेंद्र सिंह बिष्ट के पुत्र का मुंडन कार्यक्रम था।

इस कार्यक्रम के दौरान, सीएम योगी आदित्यनाथ की मां के पैर छूते हुये तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुयी थी। बेटे को काफी साल बाद देखकर, सावित्री देवी बेहद खुश थीं। उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ के सिर पर हाथ रखकर उन्हें आशीर्वाद भी दिया था।

बहन ने अस्पताल पहुंचकर की मुलाकात

जानकारी के अनुसार, बुधवार को सीएम योगी आदित्यनाथ की बहन शशि पयाल और उनके पति पूरण पयाल ने परिवार संग एम्स पहुंचकर, मां से मुलाकात की। बता दें कि शशि पयाल भी यमकेश्वर क्षेत्र में रहती हैं। वह नीलकंठ महादेव मंदिर मार्ग पर दुकान चलाती हैं।

मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल भी अस्पताल पहुंचे

उत्तराखंड के वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने भी, बुधवार को एम्स पहुंचकर, सीएम आदित्यनाथ की माता से मुलाकात की। मंत्री अग्रवाल ने, सावित्री देवी से बातचीत कर उनका हाल जाना। साथ ही, डॉक्टरों से भी उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी हासिल की।

अस्पताल परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

सीएम योगी आदित्यनाथ की माता के अस्पताल में भर्ती होने के बाद, अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गयी है। अस्पताल के सुरक्षा गार्डों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिये गये हैं। वहीं, योगी आदित्यनाथ के परिवार को मिली सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी भी अस्पताल परिसर में हैं।

बुजुर्ग मरीजों को रखा जाता है जीरियाट्रिक वार्ड में

60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग मरीजों को एम्स के जीरियाट्रिक वार्ड में रखा जाता है। इस वार्ड में अस्पताल के सभी विभागों के डॉक्टर, मरीजों की जांच करते हैं। एम्स प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, उम्र अधिक होने के कारण, आने वाली परेशानियों के चलते, सावित्री देवी को अस्पताल लाया गया है। उनकी जांचें पूरी होने के बाद, उन्हें छुट्टी दे दी जायेगी।

योगी ने मदर्स डे पर भी शेयर की तस्वीर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने, तीन दिन पहले, मदर्स डे के अवसर पर, एक्स पर अपने आधिकारिक हैंडल पर, मां के साथ अपनी तस्वीर शेयर की थी। उन्होंने लिखा- हम सभी की प्रथम पाठशाला, परिवार की समृद्धि का आधार, सेवा, त्याग और ममत्व की प्रतिमूर्ति समस्त मातृशक्ति को मातृ दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं! माँ का आशीर्वाद एक सुरक्षा कवच की भांति सदैव हमारी रक्षा करता है। सभी माताओं को श्रद्धापूर्ण नमन!

यह भी पढ़ेंः

राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल की जान को खतरा, किसने कहा

राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने तोड़ी स्वाति से मारपीट पर चुप्पी

उत्तराखंड हाईकोर्ट की शिफ्टिंग चाहते हैं या नहीं, ऑनलाइन दीजिये अपनी राय

गंगोत्री-यमुनोत्री पहुंच रही यात्रियों की रिकॉर्डतोड़ संख्या

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *